February 17, 2026

कादियां से शिरोमणि अकाली दल ने फूंका चुनावी बिगुल

कादियां से शिरोमणि अकाली दल...

कादियां, 17 फरवरी : पंजाब की सियासत में हलचल पैदा करते हुए शिरोमणि अकाली दल ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों का औपचारिक आगाज कर दिया है। पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में 40 रैलियां करने का कार्यक्रम घोषित किया गया है, जिसकी पहली रैली मंगलवार को कादियां की दाना मंडी में आयोजित होगी।

सुखबीर बादल और मजीठिया करेंगे संबोधित

इस महत्वपूर्ण रैली में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया विशेष रूप से पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। रैली स्थल पर कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया है और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। पूर्व मंत्री हीरा सिंह गाबड़िया भी रैली स्थल पर पहुंच चुके हैं और वरिष्ठ नेताओं के आगमन का इंतजार किया जा रहा है।

पार्टी ने 17 फरवरी से 13 अप्रैल के बीच पूरे पंजाब में 40 रैलियां आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया है। चुनावों से लगभग एक वर्ष पहले शुरू की जा रही इस मुहिम को पार्टी की रणनीतिक पहल माना जा रहा है। कादियां में रैली की तैयारियां हलका इंचार्ज गुरइकबाल सिंह माहल की देखरेख में की जा रही हैं।

कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने की कोशिश

‘पंजाब बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2027 के चुनावों की तैयारियों को गति देना ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलना भी है। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि यह रैलियां प्रदेश में नया राजनीतिक संदेश देने में सफल रहेंगी।

यह भी देखें : केजरीवाल को पंजाबियों ने आज आईना दिखा दिया: हरसिमरत कौर बादल