February 27, 2026

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच ‘खुली जंग’ के हालात

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच...

नई दिल्ली, 26 फरवरी: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। गुरुवार रात पाकिस्तान की वायुसेना ने अफगानिस्तान के काबुल और कंधार में हवाई हमले किए। इसके बाद अफगानिस्तान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई, जिससे दोनों देशों के बीच हालात और गंभीर हो गए हैं।

पाकिस्तान ने इस सैन्य अभियान को ‘ऑपरेशन ग़ज़ब लिल-हक़’ नाम देते हुए खुली जंग जैसा रुख अपनाया है। पाकिस्तान का दावा है कि उसके हमलों में 130 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए हैं। वहीं तालिबान का कहना है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 55 सैनिक मारे गए।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

तालिबान शासन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने इस्लामाबाद के पास एक सैन्य कैंप पर बमबारी की। यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए साझा की गई।

तालिबान के अनुसार, जमरूद मिलिट्री कॉलोनी और एबटाबाद में भी हवाई हमले किए गए। पोस्ट में कहा गया कि सुबह करीब 11 बजे इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके के पास एक सैन्य कैंप और नौशेरा में एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाया गया। तालिबान का कहना है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक के जवाब में की गई।

अफगानिस्तान के इस्लामी अमीरात के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पोस्ट कर आरोप लगाया कि “पाकिस्तानी सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ इलाकों में हवाई हमले किए, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।”

पाकिस्तान का पक्ष

समाचार एजेंसी Associated Press की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों में अफगान सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। दावा किया गया है कि दो ब्रिगेड बेस तबाह कर दिए गए, हालांकि संभावित जनहानि के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

‘संवाद से हो समाधान’ — ईरान की अपील

इस बढ़ते संघर्ष पर ईरान की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में, जो आत्मसंयम और इस्लामी दुनिया में एकता का प्रतीक है, अफगानिस्तान और पाकिस्तान को अपने मतभेद संवाद और अच्छे पड़ोसी संबंधों के ढांचे में सुलझाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस्लामी गणराज्य ईरान दोनों देशों के बीच बातचीत को सुगम बनाने और आपसी समझ व सहयोग को मजबूत करने के लिए हर संभव सहायता देने को तैयार है।