October 6, 2025

बर्फबारी से लाहौल-स्पीति में रौनक लौटी, पर्यटन स्थलों की खूबसूरती बढ़ी

बर्फबारी से लाहौल-स्पीति में रौनक लौटी...

मंडी, 2 सितम्बर : हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के काजा उपमंडल में सितंबर की शुरुआत में हुई बर्फबारी से पूरा इलाका सफेद चादर से ढक गया है। बर्फबारी के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई है और लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी से जहां ठंड बढ़ गई है, वहीं मठों और अन्य पर्यटन स्थलों की रौनक भी बढ़ गई है।

रविवार रात से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई

काजा और आसपास के इलाकों में रविवार रात से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई, जो सुबह तक जारी रही। इससे घाटियों और पहाड़ी ढलानों पर सफेदी की परत चढ़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार सितंबर में बर्फबारी मौसम के लिहाज से असामान्य है। आमतौर पर यहां अक्टूबर-नवंबर से बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो जाता है। ताजा बर्फबारी से एक बार फिर पर्यटकों की भीड़ काजा की ओर बढ़ने लगी है। बौद्ध मठ, की-गोम्पा और आसपास के पर्यटन स्थल बर्फ की चादर ओढ़कर जीवंत हो उठे हैं।

पर्यटक तस्वीरें खिंचवाते नजर आए

कई पर्यटक सुबह बर्फबारी के बीच टहलते और तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। होटल मालिकों और स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। हालांकि, बर्फबारी से ठंड इतनी बढ़ गई है कि लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम को ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही बाहर निकलने की सलाह दी है एक ओर ठंड ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं, तो दूसरी ओर बर्फ से ढके पहाड़ों की खूबसूरती ने सबका मन मोह लिया है।

यह भी देखें : भाखड़ा बांध का जलस्तर खतरे के निशान से केवल 3.84 फीट दूर