चंडीगढ़, 10 मार्च : पंजाब विधानसभा में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों का मुद्दा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए जोरदार तरीके से उठाया गया। इस दौरान स्थानीय सरकारों के मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि सरकार ने इस समस्या से निपटने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं और लुधियाना में राज्य की पहली डॉग सैंक्चुरी (कुत्तों के लिए आश्रय स्थल) बनाकर उसे शुरू कर दिया गया है।
अन्य शहरों में भी बनेंगी डॉग सैंक्चुरी
मंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार जिन आवारा कुत्तों को शेल्टर में शिफ्ट किया जा सकता है, उन्हें वहां रखा जा रहा है। साथ ही अन्य शहरों में भी ऐसी सैंक्चुरी बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी नगर निगमों के कमिश्नरों और डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिए गए हैं कि हर बड़े शहर में डॉग सैंक्चुरी के लिए जमीन की पहचान की जाए।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वे व्यक्तिगत स्तर पर भी गंभीरता से ले रहे हैं और हर सप्ताह इस विषय पर बैठकें कर रहे हैं, ताकि आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द से जल्द काबू पाया जा सके।
विधायक ने उठाया दर्दनाक घटना का मामला
सदन में विधायक डॉ. नछत्तर पाल ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य में आवारा कुत्तों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं और लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने 5 मार्च 2026 को गुरदासपुर जिले के धालीवाल गांव में हुई दर्दनाक घटना का जिक्र किया, जिसमें ढाई साल के मासूम इस्माइल को आवारा कुत्तों के झुंड ने उस समय बुरी तरह नोच-नोच कर मार दिया, जब वह अपने घर के बाहर खेल रहा था।
सरकार पर उठाए सवाल
डॉ. नछत्तर पाल ने कहा कि इस दिल दहला देने वाली घटना ने सरकार के प्रशासनिक प्रबंधों और आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के दावों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नजर नहीं आ रही, जिससे लोगों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। विधायक ने सरकार से मांग की कि आवारा कुत्तों की समस्या पर तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं और पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए।
मंत्री बोले सरकार कर रही लगातार काम
इस पर जवाब देते हुए मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि अगर कुछ लोग यह कह रहे हैं कि सरकार “कुंभकर्ण की नींद” सो रही है, तो या तो वे अखबार नहीं पढ़ते या उन्हें यह पता नहीं कि सरकार इस मामले में क्या काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक इस समस्या के समाधान के लिए जितने प्रयास किए गए हैं, पहले कभी नहीं हुए।
यह भी देखें : महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक बजट: डॉ. बलजीत कौर

More Stories
महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक बजट: डॉ. बलजीत कौर
भाजपा के पूर्व मंत्री सतपाल गोसाईं के पोते अमित गोसाईं अकाली दल में शामिल
2027 में फिर बनेगी ‘आप’ सरकार : भगवंत मान