October 11, 2025

पंजाब में दो जगहों पर आतंकी हमले होने थे, जालंधर में आरडीएक्स बरामद

पंजाब में दो जगहों पर आतंकी हमले होने थे...

जालंधर, 11 अक्तूबर : काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) द्वारा गुरुवार को 2.5 किलो आरडीएक्स, आईईडी और रिमोट कंट्रोलर के साथ गिरफ्तार किए गए दो आतंकियों ने पूछताछ में अहम खुलासे किए हैं। दोनों ने बताया कि इस आरडीएक्स का इस्तेमाल पंजाब में दो जगहों पर बड़े आतंकी हमले के लिए किया जाना था। यह हमला किसी धार्मिक या राजनीतिक आयोजन के दौरान किया जाना था ताकि बड़े पैमाने पर आतंक फैलाया जा सके।

आरोपियों ने बताया कि उन्हें आधा आरडीएक्स जालंधर और बाकी फिरोजपुर पहुंचाने को कहा गया था। यह आरडीएक्स जालंधर में दो लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब उन दो लोगों की तलाश कर रही है जो जालंधर में यह आरडीएक्स लेकर जाने वाले थे। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों फिरोजपुर में किसे यह आरडीएक्स पहुंचाने वाले थे।

दोनों आरोपी नशे के आदी थे तंकवादियों से संपर्क किया था

गिरफ्तार गुरदासपुर निवासी गुरजिंदर सिंह निवासी गांव अठवाल और दीवान सिंह निवासी गांव निक्को सरां कला नशे के आदी हैं और चोरी, लूटपाट व नशीले पदार्थों की तस्करी करते थे। दोनों ने ही इंटरनेट के जरिए बीकेआई आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के मॉड्यूल के जरिए ब्रिटेन से सक्रिय आतंकी निशान सिंह जोरियान और आदेश जमराई से संपर्क किया था। बाद में दोनों को पंजाब में विस्फोटक पहुंचाने का काम सौंपा गया। बदले में उन्हें दो-दो लाख रुपये दिए जाने थे। वे अमृतसर से आरडीएक्स लेकर बाइक पर जालंधर पहुंचे थे।

यहां दो लोगों को आधा आरडीएक्स सौंप पाते, उससे पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों ने बताया कि आतंकी बनने के लिए उन्होंने मध्य प्रदेश से एक पिस्तौल भी खरीदी थी।

यह भी देखें : हद हो गई! राजवीर जवंदा के अंतिम संस्कार में 150 से ज़्यादा फ़ोन चोरी हो गए