February 10, 2026

केंद्र सरकार ने राजपुरा बाईपास रेल लाइन के लिए 412 करोड़ रुपये मंजूर किए

केंद्र सरकार ने राजपुरा बाईपास रेल लाइन...

नई दिल्ली, 10 फरवरी : केंद्र सरकार ने उत्तरी रेलवे रूट पर ट्रेनों के बढ़ते दबाव और यातायात समस्या के समाधान के लिए राजपुरा बाईपास रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 411.96 करोड़ रुपये की लागत आएगी। रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि रेलवे मंत्रालय ने 13.46 किलोमीटर लंबी इस बाईपास लाइन के निर्माण को आधिकारिक तौर पर हरी झंडी दे दी है। यह नई लाइन न्यू शंभू डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर स्टेशन को राजपुरा–बठिंडा लाइन पर स्थित कौली स्टेशन से जोड़ेगी।

राजपुरा यार्ड की जाम समस्या होगी खत्म

मंत्री के अनुसार इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य राजपुरा यार्ड में लगने वाले भारी जाम को खत्म करना है। वर्तमान में यह यार्ड अपनी क्षमता से कहीं अधिक दबाव में काम कर रहा है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होती है। रवनीत बिट्टू ने बताया कि अंबाला–जालंधर सेक्शन उत्तरी रेलवे के सबसे व्यस्त रूटों में से एक है और 2030–31 तक यहां रेल ट्रैफिक के काफी बढ़ने का अनुमान है।

माल और यात्री ट्रेनों को मिलेगा फायदा

इस बाईपास लाइन के बन जाने से मालगाड़ियां और यात्री ट्रेनें राजपुरा यार्ड में फंसे बिना सीधे निकल सकेंगी। इससे समय की बचत होगी और माल ढुलाई की रफ्तार भी तेज होगी, जिससे रेलवे संचालन अधिक सुचारू हो सकेगा।

यह भी देखें : एनटीए ने नीट यूजी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव