February 4, 2026

डी.जी.सी.ए. की निगरानी में एयर इंडिया के ड्रीमलाईनर्ज जांच पूरी, सभी जहाज़ सुरक्षित

डी.जी.सी.ए. की निगरानी में एयर इंडिया के ...

नई दिल्ली, 4 फरवरी : एयर इंडिया ने बुधवार को बताया कि लंदन से बेंगलुरु जा रही एक उड़ान में फ्यूल कंट्रोल स्विच से जुड़ी शिकायत के बाद उसने अपने सभी संचालित बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की एहतियातन जांच पूरी कर ली है। जांच के दौरान किसी भी विमान में कोई तकनीकी खामी नहीं पाई गई। एयर इंडिया के अनुसार, यह कदम पूरी तरह से सावधानी के तौर पर उठाया गया था।

एक पायलट ने उड़ान पूरी होने के बाद फ्यूल कंट्रोल स्विच में समस्या देखी थी, जिसके बाद सभी ड्रीमलाइनर विमानों की जांच का फैसला लिया गया। हालांकि, निरीक्षण में सभी विमान तकनीकी रूप से सुरक्षित पाए गए।

लंदन-बेंगलुरु उड़ान का मामला

यह मामला उस समय सामने आया जब रविवार को लंदन हीथ्रो से बेंगलुरु आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान के पायलट ने फ्यूल कंट्रोल स्विच में दिक्कत की रिपोर्ट की। इस उड़ान में 200 से अधिक यात्री सवार थे। विमान सोमवार सुबह बेंगलुरु में सुरक्षित उतर गया, जिसके बाद उसे विस्तृत जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया।

DGCA की जांच और निर्देश

नागरिक उड्डयन नियामक महानिदेशालय (DGCA) ने भी इस मामले की स्वतंत्र जांच की। शुरुआती जांच में पाया गया कि स्विच के संचालन के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन नहीं किया गया था। DGCA ने एयर इंडिया को निर्देश दिया है कि वह विमान निर्माता द्वारा सुझाई गई मानक प्रक्रियाओं की अपने चालक दल के सदस्यों के साथ दोबारा समीक्षा करे। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि वह DGCA के सभी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करेगी और उड़ान सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।

यह भी देखें : ऑनलाइन गेम खेलने से रोके जाने पर तीन नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या