February 4, 2026

नई ‘एपस्टीन फाइल्स’ में पीएम मोदी और फिल्मकार मीरा नायर का जिक्र

नई ‘एपस्टीन फाइल्स’ में पीएम मोदी और...

वॉशिंगटन, 1 फरवरी : अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी की गई नई ‘एपस्टीन फाइल्स’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर का नाम सामने आया है। हालांकि भारत सरकार ने प्रधानमंत्री से जुड़े सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

भारत ने दावों को किया खारिज

फाइलों के अनुसार, फिल्म निर्देशक मीरा नायर ने दोषी सेक्स तस्कर गिसलेन मैक्सवेल के टाउनहाउस में आयोजित एक फिल्म की आफ्टर पार्टी में शिरकत की थी। मीरा नायर न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी की मां हैं। उनका नाम उन ईमेल्स में से एक में दर्ज है, जिन्हें शुक्रवार को अमेरिकी न्याय विभाग ने अरबपति सेक्स अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी जांच की अतिरिक्त फाइलों के हिस्से के रूप में सार्वजनिक किया।

ईमेल में किन-किन नामों का जिक्र

सार्वजनिक किए गए ईमेल में लिखा गया है, “अभी-अभी गिसलेन के टाउनहाउस से निकला हूं। यह एक फिल्म की आफ्टर पार्टी थी। वहां बिल क्लिंटन और जेफ बेजोस मौजूद थे। जीन पिगोज़ी, निर्देशक मीरा नायर आदि भी वहां थे।”

प्रधानमंत्री मोदी को लेकर भारत का सख्त रुख

इस बीच भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमें कथित एपस्टीन फाइल्स में शामिल एक ईमेल संदेश की रिपोर्ट मिली है, जिसमें प्रधानमंत्री और उनकी इज़राइल यात्रा का उल्लेख किया गया है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि “जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री की इज़राइल की आधिकारिक यात्रा के तथ्य को छोड़कर, ईमेल में किए गए अन्य सभी संदर्भ एक दोषी अपराधी की घटिया बकवास से ज्यादा कुछ नहीं हैं, जिन्हें पूरी तरह खारिज किया जाना चाहिए।” विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा कोई भी आरोप निराधार और भ्रामक है और इनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।

यह भी देखें : दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं, बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी