February 26, 2026

बर्मिंघम नहीं उतर सका विमान, फ्यूल इमरजेंसी में एयर इंडिया फ्लाइट लंदन डायवर्ट

बर्मिंघम नहीं उतर सका विमान...

अमृतसर, 9 जनवरी : अमृतसर से बर्मिंघम जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर फ्लाइट को 8 जनवरी 2026 की शाम ईंधन (फ्यूल) की कमी के चलते जनरल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। फ्लाइट AI117 को खराब सर्दी के मौसम और बर्मिंघम एयरपोर्ट के अस्थायी रूप से बंद होने के कारण करीब 40 मिनट तक हवा में मंडराने के बाद लंदन डायवर्ट करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट AI117 अमृतसर एयरपोर्ट से निर्धारित समय पर रवाना हुई थी और बर्मिंघम एयरपोर्ट पर लैंडिंग की तैयारी में थी। लेकिन जब विमान बर्मिंघम के नजदीक पहुंचा, तब मौसम बेहद खराब हो गया। भारी बर्फबारी और कम दृश्यता (लो विज़िबिलिटी) के कारण बर्मिंघम एयरपोर्ट को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया। इसके चलते विमान को कई बार हवा में ही ‘होल्डिंग पैटर्न’ में उड़ान भरनी पड़ी, जिससे ईंधन की खपत बढ़ गई।

स्थिति पर काबू पाते हुए जनरल इमरजेंसी घोषित

पायलटों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत जनरल इमरजेंसी घोषित की और विमान को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया। एयरलाइन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के समन्वय से यह सुनिश्चित किया गया कि विमान सुरक्षित रूप से हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतर सके। एयर इंडिया के अनुसार, विमान में 250 से अधिक यात्री और क्रू मेंबर सवार थे और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

40 मिनट तक हवा में घूमता रहा विमान

सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट AI117 को लगभग 40 मिनट तक हवा में इंतजार करना पड़ा और वह लगातार गोल-गोल चक्कर काटती रही। जब ईंधन संकट की स्थिति बनी, तो इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद विमान को लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में यूरोप के कई एयरपोर्ट्स पर बर्फबारी के कारण उड़ानों का रद्द या डायवर्ट होना आम बात है। इसके बावजूद पायलटों और एयरलाइन स्टाफ की सतर्कता और तत्परता के कारण किसी भी तरह की दुर्घटना टल गई।