March 28, 2026

‘आप’ सरकार में जनस्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को ऊपर उठाया गया : डा. बलबीर सिंह

‘आप’ सरकार में जनस्वास्थ्य सेवाओं के स्तर...

चंडीगढ़, 28 मार्च : स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने कहा कि ‘आम आदमी पार्टी’ की सरकार में जनस्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को ऊपर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत बड़े स्तर पर जन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर एक नया मानदंड स्थापित किया है। मात्र तीन महीनों के भीतर 30.51 लाख से अधिक परिवारों का पंजीकरण कर इस योजना ने तेजी से प्रभाव दिखाया है।

30.51 लाख परिवार पंजीकृत, 292 करोड़ के मुफ्त इलाज मंजूर

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि 8 जनवरी 2026 को शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 30,51,325 लाभार्थी पंजीकृत हो चुके हैं। इसके साथ ही 1.77 लाख से अधिक मुफ्त उपचारों को मंजूरी दी गई है, जिनकी कुल लागत 292 करोड़ रुपये है। योजना के तहत अब तक 71,000 क्लेम निपटाए जा चुके हैं और सूचीबद्ध अस्पतालों को 60 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। सरकार ने भरोसा दिया है कि 31 मार्च तक के सभी बकाया 15 अप्रैल तक क्लियर कर दिए जाएंगे।

1 अप्रैल से नया भुगतान ढांचा लागू

  • 1 लाख रुपये तक के क्लेम 15 दिनों में निपटाए जाएंगे
  • 1 लाख रुपये से अधिक के क्लेम एक सप्ताह के भीतर क्लियर होंगे
  • विवादित मामलों को एक महीने के भीतर सुलझाया जाएगा

हर आयु वर्ग को मिल रहा लाभ

डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि यह योजना हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। एक साल के बच्चे से लेकर 99 साल की बुजुर्ग तक इसका लाभ ले रहे हैं।
योजना के तहत हृदय से जुड़ी 100 से अधिक बीमारियों सहित गंभीर उपचारों को भी कवर किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा 292 करोड़ रुपये के मुफ्त इलाज का मतलब है कि आम लोगों के खर्च में भारी कमी आई है। यह योजना लोगों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है।

देश में अग्रणी बना पंजाब

डॉ. बलबीर सिंह के अनुसार पंजीकरण, उपचार और कवरेज के हर मानक में पंजाब अन्य राज्यों से आगे निकल गया है और यह योजना देश के लिए एक मिसाल बन रही है।