नई दिल्ली, 3 फरवरी : भारतीय शेयर बाजार ने आज ज़बरदस्त तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की। अमेरिका और भारत के बीच हुए बड़े व्यापार समझौते के ऐलान के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बाजार में रिकॉर्ड उछाल देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 फरवरी को भारत के साथ एक अहम व्यापार समझौते की घोषणा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत अब रूसी तेल की खरीद कम करेगा और अमेरिका (साथ ही संभावित रूप से वेनेजुएला) से ज्यादा तेल खरीदेगा। इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए जाने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करने पर सहमति जताई है।
प्री-ओपन मार्केट में जबरदस्त उछाल
प्री-ओपन मार्केट में ही बाजार की मजबूत शुरुआत के संकेत मिल गए थे। सेंसेक्स में करीब 3500 अंक, निफ्टी में लगभग 1400 अंकों की तेजी देखी गई
यह संकेत दे रहा था कि बाजार 5% से अधिक की बढ़त के साथ खुलेगा। कारोबार शुरू होते ही बाजार ने नई ऊंचाइयों को छू लिया।
- सेंसेक्स 3656 अंकों की छलांग के साथ 85,523.30 पर खुला, जबकि पिछली क्लोजिंग 81,666.46 थी।
- निफ्टी 1220 अंकों की मजबूती के साथ 26,308.05 पर खुला, पिछला बंद स्तर 25,088.40 रहा था।
टेक्सटाइल और कपड़ा उद्योग को बड़ा फायदा
इस व्यापार समझौते का सबसे ज्यादा फायदा टेक्सटाइल और कपड़ा उद्योग को मिलने की उम्मीद है। अमेरिका भारत के कुल टेक्सटाइल निर्यात का लगभग 28% हिस्सा है। भारत के कपड़ा उद्योग में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल का बड़ा हिस्सा अमेरिकी कपास से जुड़ा है। जिन कंपनियों का अमेरिका में बड़ा कारोबार है, उनके शेयरों में तेज खरीदारी देखने को मिली और बाजार में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई।
निवेशकों में बढ़ा उत्साह
इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक संकेत ऐसे ही सकारात्मक रहे, तो आने वाले दिनों में भी बाजार की तेजी बरकरार रह सकती है।

More Stories
महिलाओं को लेकर तालिबान का नया फरमान, गर्भनिरोधक दवाओं पर रोक
IndiGo का बड़ा फैसला: ईरान तनाव के बीच 28 फरवरी तक उड़ानें रद्द
अमेरिका के साथ अच्छी डील, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले पीयूष गोयल