चंडीगढ़, 13 अप्रैल: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य में चल रही ‘शिक्षा क्रांति’ अब जमीनी स्तर पर असर दिखा रही है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आठवीं कक्षा के नतीजों में इस बार बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 20 में से 19 स्थान हासिल किए हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मेरिट लिस्ट में शामिल पहले 20 विद्यार्थियों को बिना किसी प्रवेश परीक्षा के ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ में सीधे दाखिला दिया जाएगा। यह कदम राज्य सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
टॉप 3 विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार
चंडीगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान भगवंत सिंह मान ने पहले तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया। इस मौके पर विद्यार्थियों के माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई दी गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल पहला स्थान ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मुनीम की बेटी ने हासिल किया, जबकि दूसरा और तीसरा स्थान क्रमशः एक दुकानदार और सरकारी स्कूल शिक्षक की बेटियों को मिला। उन्होंने कहा कि यह परिणाम साबित करते हैं कि आम परिवारों के बच्चे अब शिक्षा में नए मानक स्थापित कर रहे हैं।
लड़कियों ने रचा इतिहास
मुख्यमंत्री ने गर्व जताते हुए कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब टॉप 20 में 19 लड़कियां शामिल हैं और केवल एक लड़का 20वें स्थान पर है। उन्होंने इसे लड़कियों के दृढ़ संकल्प, मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण बताया।
भगवंत सिंह मान ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे हमेशा जमीन से जुड़े रहें, कड़ी मेहनत करें और सही रोल मॉडल का चयन करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि नम्रता और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं।
सरकारी स्कूल बने राष्ट्रीय मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में हुए सुधार अब पूरे देश के लिए उदाहरण बन रहे हैं। आधुनिक सुविधाएं, बेहतर शिक्षा और सकारात्मक माहौल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं। पंजाब की बेटियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल राज्य के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सही नीतियों और अवसरों के साथ हर बच्चा सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकता है।

More Stories
जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन बिल-2026’ सर्वसम्मति से पास
पंजाब सरकार ने राजस्थान के बाद अब जम्मू कश्मीर से 973 करोड़ बकाया मांगा
पंजाब में परिवहन क्रांति: PRTC और पनबस में जुड़ेंगी 1,265 नई बसें