February 4, 2026

पैसे नहीं मिले तो परिवार वालों को शव देने से किया इनकार, मानवता शर्मसार

पैसे नहीं मिले तो परिवार वालों को शव देने...

नोएडा, 3 फरवरी : उत्तर प्रदेश के सबसे आधुनिक शहरों में गिने जाने वाले नोएडा से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पोस्टमार्टम हाउस में तैनात कर्मचारियों ने कुछ रुपयों के लिए इंसानियत को तार-तार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने कर्मचारियों को पैसे देने से इनकार किया, तो पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों ने मृतक के शव को हाथ लगाने से साफ मना कर दिया। इसके चलते शव को लंबे समय तक बिना किसी देखरेख के छोड़ दिया गया।

स्ट्रेचर न मिलने से जमीन पर पड़ा रहा शव

स्थिति और भी शर्मनाक तब हो गई जब स्ट्रेचर उपलब्ध न होने के कारण मृतक का शव घंटों तक खुले में जमीन पर पड़ा रहा। मजबूर होकर परिजनों ने खुद ही अपने हाथों से शव को पैक किया। इस पूरे घटनाक्रम ने नोएडा की स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के दावों की पोल खोल कर रख दी है। एक आधुनिक शहर में ऐसी अमानवीय घटना ने सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीएमओ पर भी उठे सवाल

इस मामले में गौतम बुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नरेंद्र सिंह की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह पोस्टमार्टम हाउस थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-94 में स्थित है। घटना के सामने आने के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं प्रशासन की संवेदनहीनता को उजागर करती हैं।

यह भी देखें : डेटा साझा करने के नाम पर निजता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: सुप्रीम कोर्ट