March 28, 2026

पोलैंड जा रहा 12 टन चॉकलेट से भरा ट्रक गायब, ईस्टर से पहले मचा हड़कंप

पोलैंड जा रहा 12 टन चॉकलेट से...

नई दिल्ली, 28 मार्च : नेस्ले के लोकप्रिय ब्रांड किटकैट की एक बड़ी खेप चोरी हो गई है। चोरों ने लगभग 12 टन चॉकलेट से भरे ट्रक को गायब कर दिया, जिससे ईस्टर से पहले यूरोप में इसकी कमी का खतरा पैदा हो गया है। कंपनी के मुताबिक, किटकैट के 4,13,793 पैकेट एक ट्रक में लदे थे, जो मध्य इटली से पोलैंड जा रहा था। यह नई लॉन्च की गई चॉकलेट रेंज की खेप थी, जिसका कुल वजन करीब 12 टन था।

कब और कहां हुई चोरी?

यह खेप पिछले सप्ताह परिवहन के दौरान गायब हो गई। ट्रक मध्य इटली से रवाना हुआ था और कई यूरोपीय देशों से होकर पोलैंड पहुंचना था। हालांकि, चोरी कहां हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। ट्रक और माल दोनों अब तक बरामद नहीं हुए हैं।

कंपनी का बयान

नेस्ले के एक प्रवक्ता ने मजाकिया अंदाज में कहा, “हम हमेशा लोगों को किटकैट के साथ ब्रेक लेने के लिए कहते हैं, लेकिन लगता है चोरों ने इसे कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया और 12 टन चॉकलेट लेकर फरार हो गए।”

कंपनी ने चेतावनी दी है कि इस चोरी के कारण स्टोर्स में किटकैट की अस्थायी कमी हो सकती है, खासकर ईस्टर के समय, जब इसकी मांग बढ़ जाती है। यह भी आशंका जताई गई है कि चोरी की गई चॉकलेट यूरोप में अवैध चैनलों के जरिए बेची जा सकती है।

बैच कोड से ट्रैकिंग, जांच जारी

कंपनी हर चॉकलेट बार पर छपे यूनिक बैच कोड की मदद से इस खेप को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है। यदि कहीं यह कोड स्कैन होता है, तो तुरंत कंपनी को सूचना देने के निर्देश मिलेंगे। स्थानीय पुलिस और सप्लाई चेन पार्टनर्स के साथ मिलकर जांच जारी है। कंपनी को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले में कोई ठोस सुराग मिल सकता है।