April 9, 2026

सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद ट्रंप ने फिर बढ़ा दिया टैरिफ

सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद ट्रंप...

वाशिंगटन, 22 फरवरी : Donald Trump ने आज घोषणा की कि वह प्रस्तावित वैश्विक टैरिफ दर को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर रहे हैं। यह फैसला एक दिन पहले घोषित 10 प्रतिशत टैरिफ से अधिक है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह निर्णय उन्होंने Supreme Court of the United States के उस फैसले की “पूर्ण और विस्तृत समीक्षा” के बाद लिया है, जिसे उन्होंने “हास्यास्पद और असाधारण रूप से अमेरिका-विरोधी” करार दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने आपात शक्तियों पर लगाई रोक

अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि राष्ट्रपति के पास व्यापक स्तर पर टैरिफ लगाने की आपातकालीन शक्तियां नहीं हैं। इसके बाद ट्रंप ने देर रात एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए 10 प्रतिशत वैश्विक टैरिफ लागू किया था, जिसे अब बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है।

भारत पर टैरिफ प्रभाव

इससे पहले 10 प्रतिशत अस्थायी आयात शुल्क 150 दिनों की अवधि के लिए 24 फरवरी से लागू करने की घोषणा की गई थी। इस फैसले के तहत भारत से अमेरिका आयात होने वाले सामान पर 18 प्रतिशत के बजाय 10 प्रतिशत टैरिफ लागू होना था, जो अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे के बाद तय किया गया था। अब नई दर 15 प्रतिशत होने से भारत सहित अन्य देशों के निर्यात पर असर पड़ सकता है।

ट्रंप बोले अमेरिकी हितों की रक्षा जरूरी

ट्रंप ने कहा कि यह कदम “मूलभूत अंतरराष्ट्रीय भुगतान असंतुलन से निपटने और अमेरिकी कामगारों, किसानों तथा निर्माताओं के हितों की रक्षा के लिए” उठाया गया है। उन्होंने इसे ओवल ऑफिस से लिया गया “सम्मानजनक निर्णय” बताया और कहा कि यह तुरंत प्रभाव से लागू होगा।

भारत-पाकिस्तान पर भी दिया बयान

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौते में “कुछ नहीं बदलेगा” और भारत को टैरिफ देना होगा। उन्होंने दावा दोहराया कि पिछले वर्ष गर्मियों में उन्होंने टैरिफ की धमकी देकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करवाया था।

यह भी देखें : निझज्जर हत्या मामले में संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक न हो : कनाडा सरकार