April 3, 2026

चंडीगढ़ BJP दफ्तर ग्रेनेड हमले में दो युवक गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

चंडीगढ़ BJP दफ्तर ग्रेनेड हमले में दो युवक...

चंडीगढ़, 3 अप्रैल : शहर के सेक्टर-37 स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पंजाब पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस विंग ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सिंह और गुरतेज सिंह के रूप में हुई है, जो रूपनगर जिले के रतनगढ़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। यह इलाका मोरिंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

मोबाइल लोकेशन से हुई गिरफ्तारी

सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है। रूपनगर के एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों ने हमला खुद किया या किसी अन्य की मदद की। प्रारंभिक जांच में इस हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हमले में इस्तेमाल किया गया हैंड ग्रेनेड कथित तौर पर पाकिस्तान में बना GHD-2 प्रकार का है, जिसे सीमा पार से भेजा गया हो सकता है।

तकनीकी और फोरेंसिक जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स की एक विशेष टीम बनाई गई है। यह टीम केंद्रीय एजेंसियों और चंडीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर जांच कर रही है। जांच एजेंसियां तकनीकी, फोरेंसिक और खुफिया इनपुट के आधार पर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं। इस मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में जांच से और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

यह भी देखें : अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिशें कर रहे मुख्यमंत्री मान : अश्वनी शर्मा