March 25, 2026

शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने पर बवाल

शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाएं...

शाहजहांपुर, 25 मार्च : शाहजहांपुर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान कथित तौर पर बुलडोजर से काकोरी कांड के शहीदों की प्रतिमाएं तोड़ दी गईं, जिससे इलाके में रोष फैल गया है। नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़क किनारे स्वतंत्रता सेनानी राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्ला खान और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाएं लगी हुई थीं, जहां जनप्रतिनिधि नियमित रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करते थे। आरोप है कि रविवार रात इन्हें गिरा दिया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें प्रतिमाओं को तोड़ते और मलबे को कूड़े में फेंकते देखा जा सकता है। इससे लोगों में भारी आक्रोश है। समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “सुंदरीकरण कभी भी शहीदों के सम्मान से ऊपर नहीं हो सकता।” कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अशफाकउल्ला खान के परिजनों ने भी इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, जिससे आने वाले दिनों में मामला और गरमाने के आसार हैं।

यह भी देखें : राघव चड्ढा ने राज्यसभा में उठाया मोबाइल डेटा कैरी-फॉरवर्ड का मुद्दा