March 28, 2026

ड्रोन द्वारा पाकिस्तान से पंजाब भेजे जा रहे हथियार, ए.जी.टी.एफ का खुलासा

ड्रोन द्वारा पाकिस्तान से पंजाब भेजे जा रहे हथियार...

चंडीगढ़, 28 मार्च : पंजाब में सीमा पार से ड्रोन के जरिए अत्याधुनिक हथियारों की सप्लाई एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के डीआईजी गुरमीत सिंह चौहान ने खुलासा किया है कि ये हथियार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भेजे जा रहे हैं। हाल ही में बरामद किए गए हथियारों की जांच में सामने आया है कि उनका संबंध पाकिस्तानी सेना के स्रोतों से है। इससे स्पष्ट होता है कि पंजाब में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन मिल रहा है।

61 विदेशी ठिकानों से संचालित गैंगस्टर नेटवर्क

पुलिस ने 61 विदेशी ठिकानों से ऑपरेट कर रहे गैंगस्टरों की पहचान की है। इन अपराधियों को भारत लाने के लिए ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) सक्रिय रूप से काम कर रहा है। डीआईजी के अनुसार, गैंगस्टर अब खासतौर पर युवाओं को निशाना बना रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय युवाओं की पहचान कर उनकी काउंसलिंग और निगरानी की रणनीति पर काम कर रही है।

सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी

पुलिस ऐसे युवाओं पर नजर रखेगी जो गैंगस्टर या आपराधिक पेजों को फॉलो करते हैं। उनकी गतिविधियों, कमेंट्स और आईपी/यूआईडी को ट्रैक किया जाएगा, अभिभावकों को शामिल कर समझाइश दी जाएगी, सुधार न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। AGTF ने अब तक 643 आपराधिक सोशल मीडिया पेज ब्लॉक किए हैं। साथ ही एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पुलिस के लिए प्रभावी माध्यम साबित हो रही है।

यह भी देखें : अधिकारी की आत्महत्या में आरोपों का पूर्व मंत्री भुल्लर के परिवार ने किया खंडन