February 15, 2026

पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर को जब जर्मनी में दिखाना पड़ा आईकार्ड..

पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर को...

नई दिल्ली, 15 फरवरी : पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर को जर्मनी में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। म्यूनिख में आयोजित कार्यक्रम में प्रवेश से पहले सुरक्षा कर्मियों ने उनसे पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिखाने को कहा, जिसके बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई। जानकारी के अनुसार असीम मुनीर अपनी टीम के साथ म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने जर्मनी पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के दौरान एक सुरक्षा अधिकारी ने उनका आईडी कार्ड सही तरीके से प्रदर्शित करने के लिए कहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जर्मनी में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का विरोध

जर्मनी स्थित सिंधी राजनीतिक संगठन जय सिंध मुताहिदा महाज़ (JSMM) ने सम्मेलन में पाकिस्तानी सेना प्रमुख की मौजूदगी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन ने पाकिस्तान को दिए गए निमंत्रण को निराशाजनक बताया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस पर ध्यान देने की अपील की।

JSMM के सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रदर्शन किया और पाकिस्तान में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों का मुद्दा उठाया। संगठन के अध्यक्ष शफी बुरफत ने वैश्विक मंच पर पाकिस्तानी सेना प्रमुख की उपस्थिति को चिंताजनक बताते हुए संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ, जर्मन सरकार और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों को ज्ञापन सौंपने की जानकारी दी।

क्या है म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन?

म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन को वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और कूटनीतिक संवाद का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। इस सम्मेलन में हर वर्ष विभिन्न देशों के नेता, राजनयिक और सुरक्षा विशेषज्ञ अंतरराष्ट्रीय शांति, संघर्ष समाधान और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा के लिए एकत्र होते हैं।

यह भी देखें : महाशिवरात्रि पर प्राचीन शिव मंदिर कलानौर में उमड़ा आस्था का सैलाब