जसराना (फिरोजाबाद), 15 मार्च : गोवा में भारतीय नौसेना के एक कर्मचारी की हत्या के मामले में अदालत ने उसकी पत्नी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी महिला पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इस मामले में दंपति की 8 साल की बेटी की गवाही और मोबाइल फोन से मिला वीडियो अहम सबूत साबित हुए।
पति की हत्या कर बनाई थी मोबाइल से वीडियो
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के गांव नवादा निवासी कौशलेंद्र प्रताप सिंह भारतीय नौसेना में तैनात थे। उनका विवाह वर्ष 2009 में फर्रुखाबाद जिले के गांव बहोरीकपुर निवासी संध्या से हुआ था। साल 2019 में कौशलेंद्र की तैनाती गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट स्थित INS Hansa पर थी। उस समय उनकी पत्नी संध्या और 8 वर्षीय बेटी भी उनके साथ वहीं रह रही थीं।
मोबाइल पर ज्यादा बात करने को लेकर होता था विवाद
बताया गया कि पत्नी के मोबाइल पर अधिक बात करने को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। 1 जून 2019 की रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद जब कौशलेंद्र सो गए, तो संध्या ने उनके सिर पर डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के करीब दो घंटे बाद उसने फोन कर उनके साथियों को इसकी जानकारी दी।
बेटी ने देखा पिता को खून से लथपथ
हत्या के बाद संध्या ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बना लिया था। शोर सुनकर उनकी 8 साल की बेटी जाग गई और उसने देखा कि उसके पिता बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद संध्या को गिरफ्तार कर लिया था और जांच पूरी होने के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई। गोवा के मडगांव स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय ने 10 मार्च को संध्या को हत्या का दोषी करार दिया और उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।
भाई ने कहा—न्यायपालिका पर था भरोसा
कौशलेंद्र के भाई रविंद्र प्रताप सिंह, जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और अब उन्हें न्याय मिल गया है। घटना के समय 8 साल की रही कौशलेंद्र की बेटी अब 15 साल की हो चुकी है। वह अपने चाचा के साथ रह रही है और इस मामले में वह मुख्य गवाह रही।
यह भी देखें : LPG संकट से राहत की ओर बढ़ा देश, कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू

More Stories
इंस्टाग्राम DMs में ‘एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन’ फीचर बंद करेगा मेटा
LPG संकट से राहत की ओर बढ़ा देश, कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर: कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट