नई दिल्ली, 15 फरवरी : बांग्लादेश में मंगलवार, 17 फरवरी को नई सरकार का गठन होने जा रहा है। इस मौके पर तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में मुहम्मद यूनुस का कार्यकाल भी समाप्त हो जाएगा। नई सरकार के गठन के साथ ही मुहम्मद यूनुस की अगली भूमिका को लेकर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
क्या मुहम्मद यूनुस बन सकते हैं राष्ट्रपति?
तारिक रहमान के सलाहकार NDTV से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा, “तारिक रहमान का मानना है कि सरकार में देश के सर्वश्रेष्ठ दिमागों को शामिल किया जाना चाहिए।” हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस सहित किसी के लिए भी अभी तक कोई भूमिका तय नहीं की गई है। रहमान देश के भविष्य को दिशा देने के लिए सक्षम और अनुभवी लोगों से सलाह लेना चाहते हैं।
समावेशी सरकार पर जोर
हुमायूं कबीर ने कहा, “किसी विशेष भूमिका पर कोई चर्चा नहीं हुई है। तारिक रहमान एक समावेशी सरकार के पक्षधर हैं और चुने जाने के बाद उपलब्ध प्रतिभाओं का पूरा उपयोग करना चाहते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि मुहम्मद यूनुस की विशेषज्ञता, अनुभव और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का देशहित में कई तरीकों से उपयोग किया जा सकता है।
चुनाव के बाद हो सकती है अहम बातचीत
कबीर के अनुसार, “रहमान ने किसी पद को अंतिम रूप नहीं दिया है, लेकिन चुनाव के बाद उचित समय पर वे देश के प्रमुख नागरिकों से सलाह लेंगे। इस प्रक्रिया के तहत प्रोफेसर यूनुस से बातचीत होना स्वाभाविक है।”
उन्होंने यह भी कहा, “राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। तारिक रहमान ऐसे फैसले लेंगे जो देश को आगे बढ़ाने और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत स्थिति में रखने में मददगार हों।” फिलहाल यह साफ नहीं है कि मुहम्मद यूनुस किसी संवैधानिक पद की जिम्मेदारी संभालेंगे या नहीं, लेकिन नई सरकार के गठन के साथ उनकी भूमिका को लेकर अटकलें जारी हैं। आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
यह भी देखें : कोलंबो में भारत-पाक मुकाबले से कारोबार में उछाल

More Stories
कोलंबो में भारत-पाक मुकाबले से कारोबार में उछाल
दमिश्क में ISIL के खिलाफ अमेरिका की बड़ी जवाबी कार्रवाई
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर को जब जर्मनी में दिखाना पड़ा आईकार्ड..