लुधियाना, 14 फरवरी : शहर के ढोलेवाल चौक पर शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 54 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सुमन जैन के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुमन जैन रोज की तरह सुबह रैपिडो बाइक बुक कर अपने दफ्तर जा रही थीं। जैसे ही बाइक ढोलेवाल चौक के पास पहुंची, पीछे से आ रहे 16 टायर ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि सुमन जैन सीधे ट्रॉले के पिछले पहियों की ओर गिरीं और चालक के ब्रेक लगाने से पहले ही ट्रॉले का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों चालकों को लिया हिरासत में
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन 6 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रॉला चालक और रैपिडो बाइक चालक दोनों को हिरासत में ले लिया है तथा ट्रॉले को भी जब्त कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे के लिए जिम्मेदार कौन था। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रॉले ने लापरवाही से टक्कर मारी या बाइक किसी अन्य कारण से फिसली।
परिवार की हालत दयनीय, न्याय और मुआवजे की मांग
मृतका के पड़ोसियों ने पुलिस से न्याय की मांग की है। बताया जा रहा है कि सुमन जैन ही अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाली थीं। उनके पति बेरोजगार हैं और बेटा दिव्यांग है।स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
यह भी देखें : डंकी रूट से अमेरिका गया था, गांव पहुंची हरदीप सिंह की पार्थिव देह

More Stories
प्रधानमंत्री मोदी ने चंडीगढ़ में नई ई-बसों को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना
चंडीगढ़ में महाशिवरात्रि पर मीट की दुकानें और स्लॉटर हाउस रहेंगे बंद
डंकी रूट से अमेरिका गया था, गांव पहुंची हरदीप सिंह की पार्थिव देह