चंडीगढ़, 21 मार्च : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा और अर्शदीप सिंह कलेर ने आज यहां कहा कि पंजाब की आप सरकार ने केंद्र की भाजपा सरकार के साथ मिलकर किसानों की पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने कहा कि पहले किसान नेताओं को बैठक के लिए बुलाया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया।
बाद में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे किसानों पर कार्रवाई की गई। डॉ. चीमा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान वास्तव में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर हैं तो उन्हें अपने वादे के अनुसार सभी 22 फसलों पर एमएसपी की घोषणा करनी चाहिए।
डॉ. चीमा ने कहा कि आप और भाजपा ने किसानों के साथ गंदी चाल चली है और सड़कें बंद होने से पंजाबियों को हो रही परेशानियों के लिए किसानों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जबकि इन दोनों द्वारा आपस में खेला गया खेल जग जाहिर हो चुका है। उन्होंने कहा कि सड़कों से जो अवरोध हटाए जा रहे हैं, वे हरियाणा सरकार द्वारा लगाए गए थे। यदि पंजाब सरकार ने इन्हें पहले ही हटा दिया होता तो व्यापार और उद्योग को नुकसान नहीं होता।
किसानों के साथ गलत व्यवहार
अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि जिस तरह से किसान नेताओं को गिरफ्तार किया गया, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनका मंत्रालय रबर स्टैंप से ज्यादा कुछ नहीं रह गया है। केजरीवाल पंजाब के असली मुख्यमंत्री हैं और उनके आदेश पर ही किसान परेशान हुए हैं।

More Stories
पंजाब सरकार गांवों से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेगी – भगवंत सिंह मान
FBI ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया, इस गैंग से है कनेक्शन
AAP विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने राज्यपाल से की मुलाकात, उज नदी पर डैम बनाने की मांग की