December 7, 2025

बिग बॉस में शादी, 2 महीने में तलाक…अब सारा खान ने की दूसरी शादी

बिग बॉस में शादी, 2 महीने में तलाक…

नई दिल्ली, 6 दिसम्बर : ‘सपना बाबुल का…बिदाई’ से मशहूर हुईं अभिनेत्री सारा खान अब दूसरी बार शादी के बंधन में बंध गई हैं। सारा ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड कृष पाठक से शादी की है, जो रामायण सीरियल में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी के बेटे हैं। सारा खान और कृष पाठक लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। पिछले महीने दोनों ने निजी तौर पर सगाई की और अब दोनों शादी के बंधन में बंध गए हैं। हल्दी-मेहंदी की रस्म के बाद, दोनों ने 5 दिसंबर को हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर ली।

सारा खान अपनी शादी में लाल लहंगे में दुल्हन बनीं। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें वह बेहद खूबसूरत लग रही हैं। उन्होंने बिल्कुल पहाड़ी दुल्हन की तरह कपड़े पहने थे। उन्होंने लाल लहंगे और सोने के गहनों के साथ मल्टीलेयर्ड ज्वैलरी पहनी थी। अभिनेत्री ने अपने लुक को पहाड़ी नथ के साथ पूरा किया, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

‘बिग बॉस’ में पहली बार की शादी

सारा खान रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 3 का हिस्सा रह चुकी हैं। इस शो में सारा ने अपनी लव लाइफ और शादी को लेकर सबसे ज़्यादा सुर्खियाँ बटोरीं। सारा खान ने शो में अपने को-कंटेस्टेंट अली मर्चेंट से शादी की थी। यह पहली बार था जब किसी कंटेस्टेंट ने शो में शादी की थी, लेकिन दो महीने के अंदर ही दोनों अलग हो गए। उनका तलाक काफी विवादों में रहा था। फिलहाल, अली मर्चेंट से अलग होने के 15 साल बाद सारा अपनी ज़िंदगी नए सिरे से शुरू कर रही हैं।

यह भी देखें : गूगल पर धर्मेंद्र के बारे में सबसे अधिक खोजा गया यह प्रश्न…