December 25, 2025

राहुल गांधी ने जर्मनी में कहा, भाजपा संवैधानिक संस्थानों पर कब्जा कर रही है

राहुल गांधी ने जर्मनी में कहा, भाजपा...

बर्लिन, 24 दिसम्बर : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा देश के संवैधानिक संस्थानों पर कब्जा कर रही है, जो लोकतंत्र पर सीधे हमला है। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हार्टी स्कूल में संबोधन करते हुए उन्होंने कहा कि सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों का राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। वहीं भाजपा समर्थकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।

‘इंडिया’ गठजोड़ आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ

राहुल गांधी ने कहा कि वे केवल भाजपा से नहीं लड़ रहे, बल्कि उस कोशिश के खिलाफ लड़ रहे हैं जिसके तहत भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को हाईजैक किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत विविधता वाला देश है, जहां अलग-अलग भाषाएँ, धर्म और विचार हैं। देश को एक व्यक्ति की मर्ज़ी से नहीं, बल्कि आपसी संवाद के माध्यम से चलाया जाना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा और आरएसएस की विभाजनकारी विचारधारा देश में तनाव पैदा करेगी और लोगों को आपस में लड़ाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि लाखों भारतीय मोदी सरकार की सोच से असहमत हैं।

चीन के बढ़ते दबदबे पर चिंता

उत्पादन क्षेत्र में चीन के बढ़ते दबदबे पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और पश्चिमी देशों ने उत्पादन का काम चीन को सौंप कर गलती की है, जिससे लोकतांत्रिक देशों में बेरोज़गारी बढ़ी है।

राहुल गांधी ने कहा, “लोकतंत्र बचाने के लिए उत्पादन बहुत जरूरी है, लेकिन हमने यह काम चीन को देकर गलती की। केवल सेवा क्षेत्र पर रोजगार निर्भर नहीं रह सकता। भारत में उत्पादन के लिए क्षमता, उचित ढांचा और आबादी मौजूद है, लेकिन हम इसका सही उपयोग नहीं कर सके।”

यह भी देखें : अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय नागरिक गिरफ्तार