चंडीगढ़, 8 जनवरी : पंजाबी गायक मनकीरत औलख ने एक बार फिर इंसानियत और दरियादिली की मिसाल पेश की है। वर्ष 2025 में आई भीषण बाढ़ के दौरान प्रभावित किसानों और परिवारों की मदद का जो वादा उन्होंने किया था, उसे अब पूरा कर दिया है। नए साल की शुरुआत में मनकीरत औलख ने बाढ़ प्रभावित कबड्डी खिलाड़ियों को महंगी कारें गिफ्ट कर सम्मानित किया।
कबड्डी खिलाड़ियों को कारें भेंट
मनकीरत औलख ने कबड्डी खिलाड़ी राजनदीप शर्मा और जस शर्मा को स्विफ्ट कार, जबकि कबड्डी खिलाड़ी जुझार सिंह को आई-20 (i20) कार उपहार में दी। यह सम्मान समारोह मोहाली स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां में आयोजित किया गया, जहां गायक ने स्वयं खिलाड़ियों को कार की चाबियां सौंपीं। बाढ़ के दौरान मनकीरत औलख ने एक प्रभावित परिवार की बेटियों की मदद करने, घर बनवाने और शादी में कार देने का वादा किया था। अब उन्होंने यह वादा निभाकर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण पेश किया है।
अगस्त 2025 में मांगी गई थी मदद
अगस्त 2025 में जब मनकीरत औलख बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे, तब कबड्डी खिलाड़ियों ने वीडियो बनाकर उनसे मदद की गुहार लगाई थी। गायक ने उनकी पीड़ा को समझते हुए सहायता का भरोसा दिया था, जिसे अब अमल में लाया गया है। साल 2025 में आई भयानक बाढ़ के दौरान मनकीरत औलख जिला गुरदासपुर के कस्बा धारीवाल स्थित राहत शिविर में पहुंचे थे।
वहां उन्होंने घोषणा की थी कि उनकी टीम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने कहा था कि इस संकट की घड़ी में वे पंजाब के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
किसानों और जरूरतमंदों की सहायता
मनकीरत औलख ने यह भी ऐलान किया था कि बाढ़ में जिन किसानों के ट्रैक्टर खराब हो गए हैं, उन्हें उनके साथियों के सहयोग से मुफ्त में ठीक कराया जाएगा। साथ ही, जिन जरूरतमंद परिवारों के घर बाढ़ में तबाह हो गए हैं, उनके नए घर बनवाए जाएंगे। मनकीरत सिंह औलख एक प्रसिद्ध पंजाबी गायक, अभिनेता और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं। वे हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले हैं और अपने ब्लॉकबस्टर पंजाबी गानों के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने ‘काका जी’, ‘बदनाम’ और ‘कोका’ जैसे हिट गाने दिए हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त लोकप्रियता है और इंस्टाग्राम पर उनके 6.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। हाल के समय में वे गैंगस्टर विवादों और सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े संदर्भों में भी चर्चा में रहे हैं।

More Stories
सरकार की कार्रवाई से बाल विवाह के 64 मामले रोके गए : डॉ. बलजीत कौर
2000 रुपये रिश्वत लेते नगर निगम का क्लर्क विजीलैंस ब्यूरो के हत्थे चढ़ा
पंजाब स्टेट फूड कमीशन की नई लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन