चंडीगढ़, 8 जनवरी : पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण पंजाब समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बुधवार को बर्फीली हवाओं के चलते पंजाब के कई जिलों में लोग ठिठुरते नजर आए। कई इलाकों में सूरज नहीं निकला, वहीं शीत लहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लोहड़ी तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य के सभी स्कूल 13 जनवरी तक बंद रखने का फैसला किया है। इससे पहले स्कूलों को 7 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे।
कई जिलों में ‘अत्यधिक ठंडा दिन’
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को पंजाब के कई जिलों में अत्यधिक ठंडे दिन की स्थिति रही। तीन जिलों में अधिकतम तापमान केवल 10 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार यह इस सीजन में पहली बार है जब एक साथ तीन जिलों में तापमान इतना नीचे गया। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार लुधियाना में दिन का अधिकतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्ष 2013 के बाद यह पहला मौका है जब दिसंबर में दिन का तापमान इतना कम रहा।
आगे भी जारी रहेगा कोहरा और शीत लहर
घने कोहरे के कारण अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा। दिल्ली और पुणे की उड़ानें रद्द रहीं, जबकि दुबई से आने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पंजाब के कुछ जिलों में घना कोहरा पड़ सकता है। कई जिलों में शीत लहर के साथ अत्यधिक ठंडा दिन रहने की संभावना है। 13 जनवरी तक कई इलाकों में कोहरा और शीत लहर जारी रह सकती है।
हिमाचल में शून्य से नीचे तापमान
उधर, पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में पहली बार नौ स्थानों पर रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मनाली में माइनस 1.4, कुफरी में माइनस 1.3 और सोलन में माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के 24 प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा।
यह भी देखें : NIA कोर्ट ने आतंकी गोल्डी बराड़ को भगोड़ा घोषित किया

More Stories
एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड: दूसरा शूटर भूपिंदर उर्फ भिंदा अमृतसर से गिरफ्तार
पुल का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से बदल कर नीतीश कुमार के नाम पर रखना सिख भावनाओं का अपमान- कुलदीप सिंह धालीवाल
अहमदाबाद, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे डिवीजनों के बीच चंडीगढ़ में ट्रेड मीट 2026 आयोजित