January 21, 2026

महंगे पार्लर ट्रीटमेंट नहीं, रसोई की ये 5 चीज़ें बनाएंगी बालों को मज़बूत

महंगे पार्लर ट्रीटमेंट नहीं, रसोई की ये 5 चीज़ें...

नई दिल्ली, 21 जनवरी : बालों का झड़ना, रूखापन और कमज़ोरी आज के समय में एक आम लेकिन गंभीर समस्या बन चुकी है। प्रदूषण, खराब लाइफस्टाइल और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स बालों की जड़ों को कमजोर कर देते हैं। हालांकि, महंगे पार्लर ट्रीटमेंट की बजाय रसोई में मौजूद प्राकृतिक चीज़ों से भी बालों को दोबारा मजबूत और चमकदार बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं बालों को जड़ों से पोषण देने वाले 5 असरदार नेचुरल हेयर मास्क।

एलोवेरा और नारियल तेल

एलोवेरा में मौजूद प्रोटीओलाइटिक एंजाइम स्कैल्प की डेड स्किन साफ करते हैं, जबकि नारियल तेल बालों को गहराई से पोषण देता है। यह हेयर फॉल कम करता है और बालों को रेशमी बनाता है। 3–4 चम्मच ताज़ा एलोवेरा जेल में 2 चम्मच शुद्ध नारियल तेल मिलाएं। स्कैल्प से लेकर बालों की लंबाई तक लगाएं। 45 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से धो लें।

अंडा और दही का प्रोटीन पैक

बाल मुख्य रूप से केराटिन प्रोटीन से बने होते हैं। अंडा प्रोटीन से भरपूर होता है और दही स्कैल्प को साफ व कंडीशन करता है। यह कमजोर बालों में जान डालता है और वॉल्यूम बढ़ाता है।

बनाने का तरीका : 1 अंडा (बहुत रूखे बालों के लिए सिर्फ ज़र्दी) और आधा कप दही फेंट लें।

कैसे लगाएं : जड़ों में अच्छी तरह लगाएं। 30 मिनट बाद ठंडे पानी और शैंपू से धो लें। (ध्यान रखें: गर्म पानी न इस्तेमाल करें)

प्याज़ का रस और शहद

प्याज़ के रस में मौजूद सल्फर बालों का झड़ना रोकने और नए बाल उगाने में मदद करता है। शहद स्कैल्प में नमी बनाए रखता है और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है।

बनाने का तरीका : 1 बड़े प्याज़ का रस निकालकर उसमें 1 चम्मच शहद मिलाएं।

कैसे लगाएं : कॉटन की मदद से स्कैल्प पर लगाएं। 20–30 मिनट बाद धो लें।

मेथी दाना और सरसों का तेल

मेथी में निकोटिनिक एसिड और लेसिथिन होता है, जो बालों के फॉलिकल्स को मजबूत करता है। यह डैंड्रफ दूर करता है और बालों को जड़ों से ताकत देता है।

बनाने का तरीका : 2 चम्मच मेथी दाना रातभर भिगो दें, सुबह पीसकर पेस्ट बनाएं और थोड़ा सरसों का तेल मिलाएं।

कैसे लगाएं : स्कैल्प पर लगाकर 1 घंटे के लिए छोड़ दें।

केला और जैतून का तेल

पके केले पोटैशियम और नेचुरल ऑयल से भरपूर होते हैं, जो बालों की लचीलापन बढ़ाते हैं और दोमुंहे बालों से बचाते हैं। यह ड्राई और डैमेज बालों के लिए बेहद फायदेमंद है।

बनाने का तरीका : 1 पका केला मैश कर उसमें 2 चम्मच जैतून का तेल मिलाएं। बालों पर लगाकर 30 मिनट छोड़ दें, फिर ठंडे पानी से धो लें। अगर आप नियमित रूप से इन घरेलू हेयर मास्क का इस्तेमाल करते हैं, तो बिना महंगे ट्रीटमेंट के भी बालों को मजबूत, घना और चमकदार बनाया जा सकता है।

यह भी देखें : बढ़ती उम्र में भी दिखेंगे जवान, डाइट में जरूर शामिल करें ये 4 एंटी-एजिंग फूड्स