कटड़ा/जम्मू, 23 जनवरी : माता वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत और खुशी की खबर सामने आई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन समय में बड़ा बदलाव किया है। अब श्रद्धालु दिन के साथ-साथ रात के समय भी माता की पवित्र प्राचीन गुफा के दर्शन कर सकेंगे।
प्राचीन गुफा दर्शन का नया समय तय
मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर खोली गई प्राचीन गुफा के दर्शन के लिए श्राइन बोर्ड ने दो विशेष समय निर्धारित किए हैं—
- सुबह: 10:15 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- रात: 10:30 बजे से रात 12:30 बजे तक
बोर्ड के अनुसार यह फैसला भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को प्राचीन गुफा के भीतर से माता के दर्शन कराने के उद्देश्य से लिया गया है।
मार्च के पहले हफ्ते तक खुली रह सकती है गुफा
आमतौर पर प्राचीन गुफा साल में केवल दो महीने (जनवरी और फरवरी) के लिए ही खोली जाती है, क्योंकि इस अवधि में श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि गुफा मार्च के पहले सप्ताह तक खुली रह सकती है। श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जो भक्त प्राचीन गुफा के रास्ते दर्शन करना चाहते हैं, वे फरवरी समाप्त होने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें, क्योंकि भीड़ बढ़ने पर सुरक्षा कारणों से इसे फिर बंद किया जा सकता है।
भीषण ठंड के बावजूद माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। आंकड़ों के अनुसार 20 जनवरी को करीब 18,200 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि 21 जनवरी को दोपहर तक ही यह संख्या 13,000 के पार पहुंच गई थी।
गर्भगृह में ‘विशेष हवन’ की सुविधा
श्राइन बोर्ड ने नवंबर 2025 से श्रद्धालुओं के लिए एक और नई सेवा शुरू की है। इसके तहत अब भक्त माता के गर्भगृह में विशेष हवन करवा सकते हैं। बुकिंग : ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से, शुल्क : एक व्यक्ति के लिए ₹3,100, दो व्यक्तियों के लिए ₹5,100 । श्राइन बोर्ड का कहना है कि इन नई व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिलेगी और दर्शन व्यवस्था और भी सुचारु हो सकेगी।
यह भी देखें : सज्जन कुमार की बरी होने के फैसले को दी जाएगी चुनौती : DSGMC

More Stories
संजीव बालियान समक्ष भगवंत मान की पी.एम. पर टिप्पणी से गर्माई सियासत
Raghav Chadh के वीडियो पर सौरव भारद्वाज ने कहा जो डर गया, वो मर गया
‘मेक इन इंडिया’ रक्षा निर्यात ने बनाया नया रिकॉर्ड, 38 हजार करोड़ पार