सीवान (बिहार), 23 जनवरी : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को उस समय अपना आपा खो बैठे, जब उन्होंने अपने भाषण के दौरान महिलाओं के एक समूह को उठकर जाते हुए देखा। उस वक्त मुख्यमंत्री अपनी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का विस्तार से जिक्र कर रहे थे। नीतीश कुमार सीवान जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम राज्यव्यापी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत आयोजित किया गया था, जिसे एक सप्ताह पहले ही शुरू किया गया है। भाषण के बीच महिलाओं को उठकर जाते देख मुख्यमंत्री ने तीखे लहजे में सवाल किया।
महिलाओं से पूछा सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सभी महिलाएं क्यों भाग रही हैं? अगर आप रुककर नहीं सुनेंगी तो आपको कैसे पता चलेगा कि आपके लिए क्या-क्या किया जा रहा है?”
उनका यह बयान मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। सीवान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले में करीब 202 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं को जिले के विकास की दिशा में अहम माना जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण पर रहा है जोर
नीतीश कुमार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए अपने कार्यों पर हमेशा गर्व करते रहे हैं। माना जाता है कि इन्हीं नीतियों और योजनाओं के कारण वे बिहार की महिला वोटरों के बीच खासे लोकप्रिय भी रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा ‘समृद्धि यात्रा’ का हिस्सा था, जिसके माध्यम से वे राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं और नई परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं।
यह भी देखें : रात में भी होंगे माता वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा के दर्शन, जानिए नया समय

More Stories
महाशिवरात्रि : पूजा अर्चना के लिए सजे शिवालय, ऐसे करें भोले बाबा को प्रसन्न
कैबिनेट ने 18,509 करोड़ के प्राॅजैक्टों को दी मंजूरी, रेल लाईनों का बिछेगा जाल
स्कूल में लापरवाही, 6 साल की बच्ची की दो उंगलियां कटीं