November 19, 2026

महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर और 1,000 रुपए मासिक सहायता, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली के लाभ जारी रहेंगे- CM भगवंत मान

Bhagwant Singh Mann

चंडीगढ़, 19 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज दोहराया कि जितना समय पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार सत्ता में रहेगी, उतना समय औरतों के लिए मुफ्त बस सफर और 1,000 रुपए मासिक वित्तीय सहायता, 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली समेत सभी लोक भलाई गारंटियां जारी रहेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोक भलाई और विकास उनकी सरकार की मुख्य प्राथमिकताएं हैं।

जालंधर के गांव दोनेवाल में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल को पंजाब में उनके कार्यकाल को लेकर चुनौती देते हुए कहा कि जिन पार्टियों ने दशकों तक प्रदेश पर राज किया और जिनके राज में नशे का कारोबार फैला, वही पार्टियां अब बदलाव के वादे कर रही हैं।

पारदर्शी सरकारी भर्ती, भलाई पहलों और चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब तरक्की के रास्ते पर चल पड़ा है और उन्होंने लोगों को इस रफ्तार को आपस में मिलकर तेज करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन्होंने सालों तक प्रदेश की लूट की है, उन्हें आने वाले चुनावों में लोगों के सवालों का सामना करना पड़ेगा।

‘लोक मिलनी’ के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इन पार्टियों ने अपने राज के दौरान प्रदेश और इसके संसाधनों को अंग्रेजों से भी अधिक बेरहमी से लूटा है। ये अपने पापों के लिए किसी रहम के हकदार नहीं हैं क्योंकि इन्होंने प्रदेश और इसके लोगों की पीठ में छुरा मारा है, जो कि अक्षम्य अपराध है। अकालियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का पाप किया था और बदकिस्मती से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी इनके हाथों की कठपुतली से अधिक कुछ नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हर कोई जानता है कि अकालियों का एक परिवार अंग्रेजों का पिट्ठू था और देश के लिए लड़ने वाले देशभक्तों के खिलाफ अंग्रेजों से सांठ-गांठ करने के बदले उन्हें ‘सर’ की उपाधि से नवाजा गया था। इस परिवार ने 13 अप्रैल 1919 को जलियांवाला बाग के साके के मुख्य दोषी जनरल डायर को इस घिनौने कांड के बाद रात के खाने की मेजबानी करके सम्मानित किया था। इस कार्रवाई ने उनकी देश विरोधी और पंजाब विरोधी मानसिकता और चरित्र को बेनकाब कर दिया था। इस परिवार ने उन लाखों आजादी के सेनानियों से गद्दारी की थी, जो अंग्रेजों के खिलाफ डटे हुए थे।”

उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, “इतना ही नहीं, इस परिवार ने यह भी सुनिश्चित किया कि श्री दरबार साहिब में जनरल डायर को सिरोपाओ और माफी दी जाए। दूसरी तरफ वह पार्टी है जिसने श्री अकाल तख्त साहिब पर टैंक चढ़ाए थे और देश के कई हिस्सों में बेगुनाह सिखों का कत्लेआम किया था। विरोधी पार्टियां प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों की भलाई के लिए किए जा रहे कामों से जलन महसूस करती हैं।”

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब