मोहाली, 22 जनवरी : आम आदमी पार्टी ने पंजाब में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ की शुरुआत कर दी है। इस योजना के तहत राज्य के हर परिवार को देश के सर्वश्रेष्ठ निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। योजना का शुभारंभ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली में किया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिन महंगे निजी अस्पतालों में अब तक सिर्फ अमीर वर्ग इलाज करवा सकता था, अब वहां गरीब, किसान, मजदूर और रिक्शा चालक भी बिना पैसे की चिंता के इलाज करवा सकेंगे। उन्होंने इसे “लोक सेवा में निर्णायक बदलाव” बताया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने बिना किसी आय सीमा के सभी नागरिकों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा लागू की है। उन्होंने कहा, “अब पंजाब में कोई भी व्यक्ति सिर्फ पैसे न होने की वजह से इलाज से वंचित नहीं रहेगा।”
किडनी ट्रांसप्लांट, कैंसर और दिल की बीमारियों का भी मुफ्त इलाज
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह दुनिया की गिनी-चुनी योजनाओं में से एक है, जिसमें किडनी ट्रांसप्लांट, कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज भी पूरी तरह मुफ्त होगा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने वादों को जमीन पर उतारा है। उन्होंने बताया कि पंजाब अब देश का पहला राज्य है, जहां:
- मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा
- मुफ्त शिक्षा
- मुफ्त बिजली
- महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मोहल्ला और पिंड क्लीनिक से बदली स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर
केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में करीब 1,000 मोहल्ला क्लीनिक खोले गए हैं और आने वाले महीनों में 2,500 पिंड क्लीनिक शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जहां पिछली सरकारों ने 75 साल में सिर्फ 400 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए, वहीं मौजूदा सरकार ने कुछ ही वर्षों में इससे कई गुना अधिक काम किया है।मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 1,100 विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की गई है। सरकारी अस्पतालों में अब दवाइयां, आधुनिक मशीनें और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
‘केजरीवाल की गारंटी’ हुई पूरी
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनावों के दौरान दी गई स्वास्थ्य गारंटी पर लोगों को पहले विश्वास नहीं था, लेकिन आज वह गारंटी हकीकत बन चुकी है।
उन्होंने कहा, “सिर्फ आम आदमी पार्टी ही पंजाब को सुरक्षित और समृद्ध भविष्य दे सकती है।”

More Stories
यौन अपराध मामलों में देरी पर सख्त हुआ गृह मंत्रालय
केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर रहे हैं भगवंत मान : अश्वनी शर्मा
रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस से की गद्दारी: राजा वड़िंग