February 6, 2026

भारत निर्वाचन आयोग का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन दिल्ली डिक्लेरेशन 2026

भारत निर्वाचन आयोग का अंतरराष्ट्रीय...

चंडीगढ़, 23 जनवरी : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन विषय पर आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 2026 का समापन आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 को सर्वसम्मति से अपनाने के साथ हुआ।

समापन सत्र में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी, 42 चुनाव प्रबंधन संस्थाओं (EMBs) के प्रमुख, 70 से अधिक राष्ट्रीय संस्थानों के विशेषज्ञ, निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 36 मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEOs) उपस्थित रहे।

42 देशों की चुनाव प्रबंधन संस्थाओं

मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने समापन सत्र में दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 का वाचन किया। इस घोषणा-पत्र के माध्यम से ईएमबीज ने पाँच प्रमुख स्तंभों—मतदाता सूचियों की शुद्धता, चुनावों का संचालन, अनुसंधान एवं प्रकाशन, प्रौद्योगिकी का उपयोग तथा प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण—पर सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही, प्रगति की नियमित समीक्षा हेतु 3, 4 और 5 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडियन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसीज़ एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में पुनः बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

सम्मेलन के दौरान ईएमबीज ने इंटरनेशनल IDEA और IIIDEM के नेतृत्व में विश्व लोकतंत्रों की सह-क्यूरेटेड विश्वकोश तैयार करने, ईसीआई-नेट जैसे डिजिटल प्लेटफार्मों के सह-विकास, तथा पारदर्शी चुनाव प्रथाओं के प्रशिक्षण एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को भी प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन को सशक्त

अपने मुख्य भाषण में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि सम्मेलन के दौरान आदर्श अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन मानकों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आपसी सहयोग को विस्तार मिला और साझा प्राथमिकताओं की बेहतर समझ विकसित हुई। समापन सत्र में निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि खुला संवाद, पारस्परिक सम्मान और एक-दूसरे से सीखने की भावना वैश्विक निर्वाचन समुदाय की परिपक्वता और पेशेवर दृष्टिकोण को दर्शाती है। वहीं, निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने ईसीआई-नेट की शुरुआत को भारत की तकनीकी प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उल्लेखनीय है कि यह तीन दिवसीय सम्मेलन अपनी तरह का पहला और अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन था, जिसमें 42 ईएमबी के प्रतिनिधियों, 27 देशों के मिशन प्रमुखों सहित लगभग 1,000 प्रतिभागियों ने भाग लिया।