February 13, 2026

केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर रहे हैं भगवंत मान : अश्वनी शर्मा

केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर...

चंडीगढ़/कुराली, 5 फरवरी : पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कुराली में विकसित भारत–जी-राम-जी योजना के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं ने गरीबों, मजदूरों और किसानों को उनका हक दिलाया है, जबकि मान सरकार ने सिर्फ गरीबों का चूल्हा ठंडा करने का काम किया है।

मुफ्त अनाज केंद्र का, श्रेय लेने की कोशिश राज्य सरकार की

अश्वनी शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की हर योजना का मूल उद्देश्य गरीबों का कल्याण है, जबकि पंजाब सरकार सिर्फ झूठे दावे कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार ने गरीबों के लिए दाल-आटा योजना बंद कर लोगों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आज भी केंद्र सरकार प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत गरीबों को मुफ्त अनाज भेज रही है, लेकिन पंजाब सरकार इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जो पूरी तरह गलत है।

मनरेगा में जी-राम-जी प्रणाली से भ्रष्टाचार पर चोट

अश्वनी शर्मा ने कहा कि मनरेगा में जी-राम-जी प्रणाली लागू होने से भ्रष्टाचार को बड़ा झटका लगा है और मजदूरों की मजदूरी सीधे उनके खातों में पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने मनरेगा में ऐतिहासिक सुधार किए हैं।

उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत काम के दिन बढ़ाकर 125 किए गए हैं, 7 दिनों के भीतर भुगतान की गारंटी दी गई है, समय पर भुगतान न होने पर ब्याज सहित राशि देने का प्रावधान किया गया है, 15 दिनों में काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने की व्यवस्था की गई है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि ये सभी कदम गरीबों को सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हैं।

AAP और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप

भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों तक मनरेगा योजना को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाए रखा। हजारों घोटालों के बावजूद न तो दोषियों से पैसा वसूला गया और न ही किसी को सजा मिली। अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और मुफ्त अनाज योजना जैसी योजनाओं के जरिए मोदी सरकार ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि आज हर घर में शौचालय, गैस कनेक्शन और पीने के पानी की सुविधा है, जो पहले सिर्फ एक सपना हुआ करता था।

यह भी देखें : रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस से की गद्दारी: राजा वड़िंग