नई दिल्ली, 23 जनवरी : अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में रहने वाले एक भारतीय परिवार को शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना का सामना करना पड़ा। परिवारिक झगड़े के दौरान 51 वर्षीय विजे कुमार ने अपनी पत्नी और तीन रिश्तेदारों को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार सुबह 2:30 बजे (स्थानीय समय) जॉर्जिया के लॉरेंसविले के ब्रुक आईवी कोर्ट इलाके में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
911 कॉल से बची तीन बच्चों की जान
घटना के समय घर में तीन बच्चे मौजूद थे। डर के कारण बच्चे एक अलमारी में छुप गए। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक बच्चा विजे कुमार और मीनू डोगरा का बेटा है। इस बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए 911 पर कॉल की, जिससे पुलिस मिनटों में घटना स्थल पर पहुंच गई और बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस ने 51 वर्षीय विजे कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर गंभीर हमले और हत्या के चार-चार आरोप, बच्चों के प्रति बेरहमी के तीन आरोप (पहली और तीसरी डिग्री) और अन्य संगीन आरोप लगाए गए हैं।
अटलांटा स्थित भारतीय काउंसलेट ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। दूतावास ने पुष्टि की कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह घटना कथित परिवारिक झगड़े के कारण हुई और इसके परिणामस्वरूप एक भारतीय नागरिक की मौत हुई। इस दर्दनाक घटना ने अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय को हिला कर रख दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और बच्चों को सुरक्षित परिजनों के पास पहुंचा दिया गया है।

More Stories
असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, राहत और बचाव कार्य जारी
प्रियांक खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज, AI से एडिट तस्वीर शेयर करने का है आरोप
कोलकाता एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 को हाईजैक करने की धमकी