February 13, 2026

ट्रक और कार की भीषण टक्कर, 6 की दर्दनाक मौत

ट्रक और कार की भीषण टक्कर...

बनासकांठा (गुजरात), 25 जनवरी : गुजरात के बनासकांठा जिले के अमीरगढ़ क्षेत्र में इकबालगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर होकर पलट गई।

पांच की मौके पर मौत

हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने कुछ देर बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर के समय धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही अमीरगढ़ पुलिस और आपातकालीन मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

यह भी देखें : अमेरिका में परिवारिक झगड़े में चार भारतीयों की हत्या, बच्चों की जान बची