February 4, 2026

मालिक की लाश के पास तीन दिन तक बर्फ़ में बैठा रहा वफादार कुत्ता

मालिक की लाश के पास तीन दिन तक...

चंबा (हिमाचल प्रदेश), 26 जनवरी : हिमाचल के चंबा ज़िले के भरमौर उपमंडल से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। 22 जनवरी को भरमाणी माता मंदिर मार्ग से लापता हुए दो युवकों की लाशें बरामद कर ली गई हैं। मृतकों की पहचान पीयूष कुमार (13 वर्ष) पुत्र विक्रमजीत और विकसित राणा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों 22 जनवरी को माता भरमाणी मंदिर के दर्शन और वीडियो शूटिंग (रील बनाने) के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे।

खराब मौसम के बीच चला सर्च ऑपरेशन

लगातार हो रही भारी बर्फ़बारी और खराब मौसम के बावजूद पुलिस, NDRF, SDRF और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार दोनों की लाशें दुर्गम इलाके से बरामद की गईं। रेस्क्यू टीम जब मौके पर पहुंची तो जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को भावुक कर दिया। चार फीट मोटी बर्फ़ की चादर में दबी 13 वर्षीय पीयूष की लाश के पास उसका पालतू कुत्ता पिछले तीन दिनों से बैठा था। न भूख-प्यास की परवाह, न ठंड का डर—कुत्ता अपने मालिक को अकेला छोड़ने को तैयार नहीं था।

लाश के पास पहरा देता रहा कुत्ता

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर दोनों युवक रात में रुके थे, वहां अत्यधिक ठंड और भारी बर्फ़बारी के कारण उनकी जान चली गई। जब हेलीकॉप्टर की मदद से NDRF की टीम वहां उतरी, तो उन्होंने देखा कि कुत्ता लाश के बिल्कुल पास पहरा दे रहा था, मानो अंतिम क्षण तक अपनी जिम्मेदारी निभा रहा हो। जब राहत दल लाश के पास पहुंचा तो कुत्ते ने किसी को भी नज़दीक नहीं आने दिया। काफी प्रयासों के बाद उसे काबू में कर थोड़ी दूरी पर ले जाया गया, तब जाकर लाशों को कब्जे में लिया जा सका। इस दृश्य को देखकर कई अनुभवी जवानों की भी आंखें नम हो गईं।

वफादारी की मिसाल और प्रकृति की चेतावनी

यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि पहाड़ों में प्रकृति के सामने इंसान कितना बेबस है, और साथ ही यह भी कि वफादारी की सबसे बड़ी मिसाल कई बार एक बेज़ुबान जानवर पेश करता है

यह भी देखें : सोना-चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल, अगले हफ्ते भी मजबूती के संकेत