कठुआ, 22 जनवरी : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षा बलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। बिलावर क्षेत्र में चलाए गए एक आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक आतंकवादी को मुठभेड़ में मार गिराया गया। जम्मू के आईजीपी के अनुसार, सुरक्षा बलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि एक आतंकवादी शुक्रवार सुबह कठुआ जिले के बिलावर इलाके में एक स्थानीय युवक के घर भोजन और अन्य सामग्री जुटाने आने वाला है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
जैसे ही आतंकवादी सप्लाई लेने के लिए मौके पर पहुंचा, पहले से तैनात सुरक्षा बलों ने उसे घेर लिया। खुद को घिरा देख आतंकवादी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया। मारा गया आतंकवादी पिछले कई दिनों से सुरक्षा बलों की पकड़ से बचता फिर रहा था। यह संयुक्त अभियान सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा मिलकर चलाया गया।
जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकवादी ढेर
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मारा गया आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़ा पाकिस्तानी नागरिक था। फिलहाल इलाके में किसी अन्य आतंकवादी की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी है। यह कार्रवाई क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। सुरक्षा बलों ने साफ किया है कि जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जाएगा।

More Stories
हिमाचल में मत्स्य क्षेत्र के लिए सरकार की नई योजना, कोल्ड स्टोरेज आदि पर 70 प्रतिशत सब्सिडी
चंबा में यात्रियों से भरी बस पलटी, सात लोगों की मौत, 11 घायल
हिमाचल हाईकोर्ट का फैसला: सरकारी कर्मचारी को सजा देते समय विभाग को साफ कारण बताना होगा