February 4, 2026

38 साल की उम्र में अरिजीत सिंह ने क्यों कहा सिंगिंग को अलविदा?

38 साल की उम्र में अरिजीत सिंह...

नई दिल्ली, 28 जनवरी : मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर प्लेबैक सिंगिंग (फिल्मी गायकी) से रिटायरमेंट लेने का ऐलान किया। उनके इस फैसले ने फैंस को चौंका दिया और हर कोई हैरान रह गया।

दो बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके अरिजीत सिंह ने महज़ 38 साल की उम्र में, जब उनका करियर अपने चरम पर था, इतना बड़ा फैसला क्यों लिया—यह सवाल सभी के मन में था। बॉलीवुड के सबसे ज़्यादा फीस लेने वाले गायकों में शामिल अरिजीत के इस अचानक फैसले की असल वजह अब सामने आ गई है।

अरिजीत सिंह ने खुद बताई वजह

सोशल मीडिया पर कुछ स्क्रीनशॉट वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि अरिजीत सिंह ने अपने निजी ‘X’ (ट्विटर) अकाउंट से एक पोस्ट के ज़रिए बॉलीवुड में गाना छोड़ने की वजह बताई है।

पोस्ट में अरिजीत सिंह ने लिखा,
“इसके पीछे कोई एक वजह नहीं है। कई कारण हैं और मैं काफी समय से ऐसा करने की कोशिश कर रहा था। आखिरकार अब मैं वह हिम्मत जुटा पाया हूं। एक वजह बहुत ही साधारण है—मैं चीज़ों से बहुत जल्दी बोर हो जाता हूं। इसी वजह से मैं एक ही गाने के अरेंजमेंट बदलता रहता हूं और स्टेज पर परफॉर्म करता हूं। सच्चाई यह है कि मैं बोर हो गया था।”

वायरल पोस्ट में आगे लिखा गया,
“मैं कुछ अलग तरह का संगीत करना चाहता हूं ताकि मैं सच में जी सकूं। दूसरी वजह यह है कि मैं दूसरे गायकों को सुनना चाहता हूं, जो मुझे असली प्रेरणा दे सकें।”

रिटायरमेंट का ऐलान करते वक्त क्या लिखा था?

सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ के गाने के रिलीज़ होने के एक दिन बाद ही अरिजीत सिंह ने रिटायरमेंट का ऐलान किया था। उन्होंने 27 जनवरी को लिखा था,

“आप सभी को नया साल मुबारक। इतने सालों तक मुझे इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब मैं कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा, क्योंकि मैं प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर हो रहा हूं।”

हालांकि, अरिजीत ने यह भी साफ किया कि उनके कुछ पुराने कमिटमेंट अभी बाकी हैं, जिन्हें इस साल रिलीज़ किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह संगीत बनाना कभी बंद नहीं करेंगे।