February 4, 2026

मार्करम और लिंडे की चमक से दक्षिण अफ्रीका को शानदार जीत

मार्करम और लिंडे की चमक से दक्षिण...

पार्ल (दक्षिण अफ्रीका), 29 जनवरी : कप्तान एडन मार्करम की विस्फोटक बल्लेबाज़ी और जॉर्ज लिंडे की घातक गेंदबाज़ी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी।

वेस्टइंडीज ने बनाए 173 रन

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। शिमरोन हेटमायर ने 32 गेंदों में 48 रनों की तेज़ पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। हेटमायर और कप्तान रोवमैन पॉवेल (नाबाद 29) ने छठे विकेट के लिए 74 रनों की अहम साझेदारी की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने केवल 17.5 ओवरों में 1 विकेट खोकर 176 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान एडन मार्करम ने 47 गेंदों पर नाबाद 86 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

महत्वपूर्ण साझेदारियां बनी जीत की नींव

मार्करम ने लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (44) के साथ पहले विकेट के लिए 83 रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने रयान रिकेल्टन (नाबाद 40) के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिलाई। दक्षिण अफ्रीका की जीत में बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज लिंडे का भी अहम योगदान रहा। उन्होंने 25 रन देकर 3 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए। इसके अलावा केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट हासिल किए।

दूसरा मुकाबला सेंटूरियन में

टी-20 श्रृंखला का दूसरा मैच गुरुवार को सेंटूरियन में खेला जाएगा, जहां वेस्टइंडीज की टीम वापसी की कोशिश करेगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका अपनी बढ़त मजबूत करने उतरेगा।

यह भी देखें : युवराज सिंह ने बताई रिटायरमेंट की असली वजह