February 4, 2026

चांदी में निवेश करने वालों के लिए मुनाफा बुक करने की सलाह

चांदी में निवेश करने वालों के लिए ...

नई दिल्ली, 30 जनवरी : अगर आपने चांदी में निवेश किया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक चांदी की कीमतों में आई हालिया तेजी अब थमने के संकेत दे रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा स्तर से चांदी में गिरावट देखने को मिल सकती है। WhiteOak Capital Mutual Fund की रिपोर्ट में कहा गया है कि चांदी की कीमतें अपने ऐतिहासिक स्तरों की तुलना में काफी ऊपर पहुंच चुकी हैं। ऐसे हालात में निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

गोल्ड-सिल्वर रेश्यो में बड़ी गिरावट

रिपोर्ट के अनुसार सोने और चांदी का अनुपात (Gold-to-Silver Ratio) घटकर 46:1 पर आ गया है, जबकि पिछले 10 वर्षों का औसत करीब 80:1 रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जब भी यह अनुपात 50 से नीचे आता है, तो चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट का खतरा बढ़ जाता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जब चांदी, सोने की तुलना में बहुत तेजी से बढ़ती है, तो यह आमतौर पर तेजी के अंतिम चरण का संकेत होता है। इतिहास गवाह है कि ऐसे दौर के बाद चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई है।

निवेशकों को मुनाफा बुक करने की सलाह

विशेषज्ञों ने निवेशकों को चांदी से मुनाफा निकालने (Profit Booking) और उस रकम को भारतीय शेयर बाजार में लगाने की सलाह दी है। रिपोर्ट के मुताबिक निवेश के लिए निफ्टी 50 और मजबूत ब्लू-चिप कंपनियां बेहतर विकल्प हो सकती हैं। इसके पीछे कई वजहें बताई गई हैं। सोना और चांदी किसी तरह की नियमित आय नहीं देते, जबकि कंपनियां अपने मुनाफे से डिविडेंड के रूप में निवेशकों को नकद रिटर्न देती हैं।

लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न

निफ्टी 50 ने शुरुआत से अब तक करीब 13.2% CAGR रिटर्न दिया है, जो सोने के बराबर या उससे भी अधिक रहा है। भौतिक धातुओं की तुलना में शेयर बाजार में निवेश ज्यादा लिक्विड होता है, यानी जरूरत पड़ने पर पैसा निकालना आसान रहता है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात में चांदी से मुनाफा निकालकर इक्विटी बाजार की ओर रुख करना निवेशकों के लिए समझदारी भरा कदम हो सकता है।