November 15, 2026

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज़ की शुरुआत, विजेता को मिलेगा एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार

पंजाब दा करोड़पति

चंडीगढ़, 15 नवंबर 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज एक अनोखी राज्य-स्तरीय युवा क्विज़ प्रतियोगिता ‘पंजाब दा करोड़पति’ की शुरुआत की। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को ज्ञान, शिक्षा और सरकारी नौकरियों की तैयारी की ओर लगाना है। इस क्विज़ के विजेता को 1 करोड़ रुपये का बड़ा इनाम जीतने का मौका मिलेगा।

15 से 30 वर्ष की आयु के पंजाब के निवासियों के लिए खुले इस प्रतियोगिता में विजेता को 1 करोड़ रुपये, चार उप-विजेताओं (रनर-अप) को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड पर शीर्ष आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 10,000 से अधिक प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पहल की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि युवाओं के हाथों में किताबें हों क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत गढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता ही पंजाब की असली प्रगति है और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा, “पंजाब के युवाओं के लिए यह बड़ी खबर है। आज हमने युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए तैयार करने के लिए ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता की घोषणा की है। विजेता को 1 करोड़ रुपये मिलेंगे, चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि शीर्ष 10,000 प्रतिभागियों को भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। हम चाहते हैं कि हमारे युवाओं के हाथों में किताबें हों क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत गढ़ सकती है। तुम बस सख्त मेहनत पर ध्यान दो; सरकार हर कदम पर तुम्हारे साथ खड़ी है। तुम्हारी सफलता ही पंजाब की असली प्रगति है। आओ, अपने हुनर और सख्त मेहनत के जरिए एक खुशहाल और जीवंत ‘रंगला पंजाब’ बनाएं।”

युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ पहल सीखने, ज्ञान बढ़ाने और बड़े नकद पुरस्कार जीतने का एक शानदार मौका है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “यह प्रतियोगिता 15 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए है और इसका ढांचा मशहूर टेलीविज़न क्विज़ शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तरह तैयार किया गया है। प्रतिभागियों को चुनिंदा सवालों के जवाब देने होंगे, जिनमें से हर सवाल के चार विकल्प होंगे और उनमें से सिर्फ एक ही सही होगा।”

उन्होंने कहा, “इस प्रतियोगिता में कुल 11 दौर होंगे, जिनमें से पहले 9 दौर ऑनलाइन करवाए जाएंगे। दसवां दौर पंजाब के सभी 23 जिलों में ऑफलाइन तरीके से करवाया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी खुद आकर हिस्सा लेंगे, जबकि 11वां दौर ‘ग्रैंड फिनाले’ होगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रश्न बैंक में लगभग 50,000 प्रश्न शामिल होंगे, जो पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भूगोल, गणित और पंजाब सरकार से संबंधित जानकारी पर आधारित होंगे। ये प्रश्न कांस्टेबल, पटवारी और पी.सी.एस. जैसे पदों पर भर्ती के लिए ली जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न के अनुसार ही होंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “यह पहल युवाओं को उनका सामान्य ज्ञान बढ़ाने और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करने में मदद करेगी, साथ ही वे प्रतियोगिता के उत्साह का आनंद भी ले सकेंगे।”

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब