February 4, 2026

12 वर्षीय छात्र की फंदे से लटकी मिली लाश, इलाके में सनसनी

12 वर्षीय छात्र की फंदे से लटकी मिली ...

पिथौरागढ़, 31 जनवरी : पवन विहार कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब छठी कक्षा में पढ़ने वाले 12 साल के बच्चे की घर के अंदर पंखे से फंदे पर लटकी लाश मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी के.एस. रावत और कोतवाल ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कमरे को सील कर दिया।

घर में अकेला था बच्चा

मृतक की पहचान 12 वर्षीय कृष मेहता के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था। उसके माता-पिता बड़ालू गांव में रहते हैं, जबकि कृष अपनी बुआ के साथ पवन विहार कॉलोनी में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कृष की बुआ अपनी बेटी के साथ किसी काम से ‘वड्डा’ (स्थान का नाम) गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि कृष दोपहर तक छत पर खेल रहा था, इसके बाद वह नीचे कमरे में चला गया।

जब बुआ घर लौटीं और काफी देर तक कृष के बाहर न आने पर शक हुआ, तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कृष ने 4–5 दुपट्टों को आपस में जोड़कर फंदा बनाया था और उसे पंखे से लटका लिया था। कमरे में पंखे तक पहुंचने के लिए मेज के ऊपर रखी कुर्सी नीचे गिरी हुई मिली।

फोरेंसिक टीम कर रही जांच

पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, बच्चा छत से मोबाइल लेकर कमरे में गया था। ऐसे में मोबाइल गेमिंग या अन्य कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है। मृतक के पिता महिंदर सिंह मेहता, जो खेतीबाड़ी करते हैं, इस समय दिल्ली में हैं।

उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, गांव से बच्चे के दादा और मां मौके पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।