February 5, 2026

पूर्व मंत्री सुंदर श्याम अरोड़ा के घर तीसरे दिन भी ई.डी की छापेमारी जारी

पूर्व मंत्री सुंदर श्याम अरोड़ा के घर तीसरे दिन...

हुशियारपुर, 31 जनवरी : पूर्व पंजाब मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुंदर शाम अरोड़ा के घर पर केंद्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी तीसरे दिन भी जारी रही। यह कार्रवाई बुधवार तड़के शुरू हुई थी, जो शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन तक चलती रही। जौधा मल रोड पर स्थित सुंदर शाम अरोड़ा के आवास के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। छापेमारी के दौरान मुख्य गेट बंद रखा गया और बिना अनुमति किसी को भी अंदर या बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी के अधिकारी घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहे हैं। छापेमारी के समय सुंदर शाम अरोड़ा स्वयं अपने निवास पर मौजूद रहे।

कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ा मामला

सूत्रों का कहना है कि यह छापेमारी कथित वित्तीय लेन-देन और उससे जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि सुंदर शाम अरोड़ा कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री रह चुके हैं। विधानसभा चुनावों के बाद जून 2022 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा था, लेकिन अगस्त 2024 में दोबारा कांग्रेस में लौट आए।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

अक्टूबर 2022 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने औद्योगिक प्लॉट के ट्रांसफर और कथित आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच के दौरान उन्हें जीरकपुर से गिरफ्तार किया था। विजिलेंस का दावा था कि अरोड़ा को चल रही जांच को प्रभावित करने के लिए 50 लाख रुपये सौंपते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। जनवरी 2023 में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोपों के तहत एक और एफआईआर दर्ज की गई थी।

जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद

हालांकि, दिसंबर 2024 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने औद्योगिक प्लॉट के कथित अवैध ट्रांसफर से जुड़ी एक एफआईआर को रद्द कर दिया था। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी है। मामले में आगे और खुलासों का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी देखें : श्री दरबार साहिब में पुलिस कार्रवाई पर शिरोमणि कमेटी का विरोध