नई दिल्ली, 31 जनवरी : निवेशकों की भारी मुनाफावसूली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के चलते आज दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
रिकॉर्ड स्तर से फिसला सोना, चांदी
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 14,000 रुपये (7.65%) की भारी गिरावट के साथ 1.69 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया।
गौरतलब है कि बीते कारोबारी सत्र में सोना 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिली।
चांदी 20,000 रुपये (करीब 5%) टूटकर 3.84 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि गुरुवार को यह 4.04 लाख रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर पर थी।
रुपये में मामूली सुधार, दबाव बरकरार
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोने-चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही थी, ऐसे में बाजार में करेक्शन (सुधार) की संभावना पहले से बनी हुई थी। भारतीय रुपया आज 6 पैसे की मजबूती के साथ 91.93 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। हालांकि, दिन के कारोबार के दौरान रुपया 92.02 प्रति डॉलर के अब तक के अपने सबसे निचले स्तर तक भी पहुंच गया था।
विशेषज्ञों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण रुपये पर दबाव बना रहा, हालांकि अंत में इसमें हल्का सुधार देखने को मिला।
यह भी देखें : कल पेश होगा केंद्रीय बजट, निवेशकों और उद्योग जगत की टिकी निगाहें

More Stories
ऑनलाइन गेम खेलने से रोके जाने पर तीन नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या
भारत रूसी तेल की खरीद घटाएगा, आवश्यक आपूर्ति ही होगी आयात: सूत्र
किसान हितों से कोई समझौता नहीं, ‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बढ़ावा : पीयूष गोयल