नई दिल्ली, 2 फरवरी : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक बयान को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सदन को पहले शाम 4 बजे तक और फिर अगले दिन तक के लिए स्थगित करना पड़ा। यह विवाद उस वक्त खड़ा हुआ जब राहुल गांधी ने पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब में लिखे लेख का हवाला देते हुए गलवान घटना का ज़िक्र किया और सरकार पर निशाना साधा।
राहुल गांधी के बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने जनरल नरवणे का एक पुराना वीडियो जारी किया, जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि भारत ने अपनी एक इंच ज़मीन भी नहीं खोई है। भाजपा ने राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
राहुल के बयान पर हंगामा
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बोलने के लिए खड़े हुए। उन्होंने कहा, “फौज का हर जवान जानता है कि भारत-चीन सीमा पर क्या हुआ था, लेकिन मोदी सरकार इस सच्चाई को देश की जनता से छिपाना चाहती है।” इसके बाद राहुल गांधी ने जनरल नरवणे की किताब “फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी” का उल्लेख किया, जिससे सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया।
अमित शाह का विरोध
गृह मंत्री अमित शाह ने आपत्ति जताते हुए कहा कि राहुल गांधी ने सदन के रिकॉर्ड पर ऐसी बातें कहीं हैं, जिन्हें जनरल नरवणे ने नहीं कहा। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि रक्षा मंत्री सिर्फ यह पूछ रहे थे कि जिस किताब का हवाला दिया जा रहा है, क्या वह प्रकाशित हुई है या नहीं। हंगामा बढ़ने के बाद लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
इसके बाद भाजपा ने पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे का एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें वह समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहते हैं,
“सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि हमने अपनी ज़मीन का एक इंच भी नहीं खोया है। हम आज भी वहीं हैं, जहां पहले थे।”
वीडियो में उन्होंने चीन के साथ चल रही डिसएंगेजमेंट प्रक्रिया का भी ज़िक्र किया।

More Stories
ऑनलाइन गेम खेलने से रोके जाने पर तीन नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या
भारत रूसी तेल की खरीद घटाएगा, आवश्यक आपूर्ति ही होगी आयात: सूत्र
किसान हितों से कोई समझौता नहीं, ‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बढ़ावा : पीयूष गोयल