February 4, 2026

पांवटा साहिब जा रही HRTC बस खाई में गिरी, 3 की मौके पर मौत

पांवटा साहिब जा रही HRTC बस खाई....

शिमला/देहरादून, 3 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की बस उत्तराखंड के क्वाणू क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में कम से कम 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

सुबह करीब 9 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार HRTC की बस (नंबर HP63A-2588) रोजाना की तरह चौपाल से विकासनगर होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी। आज सुबह करीब 9 बजे यह बस उत्तराखंड के देहरादून जिले की चकराता तहसील के क्वाणू (शोदोई खड्ड) क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा शिमला जिले के कुपवी और चौपाल की सीमा पर स्थित मिनस पुल से करीब 20 किलोमीटर दूर हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क का डंगा धंसने के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नाले में जा गिरी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।

बस में 38 लोग थे सवार

हादसे के समय बस में चालक दिनेश शर्मा और कंडक्टर जगदीश समेत कुल 38 लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में बस चालक की भी मौत हो चुकी है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से विकासनगर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

उत्तराखंड प्रशासन के माल विभाग के कर्मचारी, हिमाचल पुलिस के जवान और नेरवा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ राहत व बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव मदद देने और हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं।