February 4, 2026

ऑनलाइन गेम खेलने से रोके जाने पर तीन नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या

ऑनलाइन गेम खेलने से रोके जाने पर...

गाजियाबाद, 4 फरवरी : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर एक कोरियन ऑनलाइन गेम खेलने से रोके जाने पर तीन नाबालिग बहनों ने अपनी अपार्टमेंट इमारत की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, यह कदम उन्होंने माता-पिता द्वारा उनकी अत्यधिक ऑनलाइन गेमिंग आदतों पर आपत्ति जताने के बाद उठाया। मृतक बहनों की पहचान पाखी (12), प्राची (14) और विशिका (16) के रूप में हुई है। तीनों सगी बहनें थीं और आपस में काफी घनिष्ठ थीं।

कोविड काल में लगी गेमिंग की लत

यह घटना बुधवार रात करीब 2 बजे गाजियाबाद की रिहायशी टाउनशिप ‘भारत सिटी’ में हुई। तड़के सोसायटी के निवासियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अपार्टमेंट परिसर से तीनों के शव बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, तीनों बहनें कोविड-19 महामारी के दौरान ऑनलाइन गेमिंग की आदी हो गई थीं। वे ऑनलाइन टास्क-आधारित एक तथाकथित “कोरियन लव गेम” खेल रही थीं। बताया गया है कि उन्होंने नियमित रूप से स्कूल जाना भी बंद कर दिया था, जिससे माता-पिता काफी चिंतित थे।

घर में हुआ विवाद

गाजियाबाद पुलिस द्वारा ‘एक्स’ पर जारी वीडियो में बताया गया कि माता-पिता ने कई बार बेटियों की गेमिंग आदतों पर आपत्ति जताई थी और उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी थी। मंगलवार रात इसी मुद्दे पर घर में बहस हुई थी, जिसके बाद कथित तौर पर बहनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

यह भी देखें : भारत रूसी तेल की खरीद घटाएगा, आवश्यक आपूर्ति ही होगी आयात: सूत्र