नई दिल्ली, 5 फरवरी : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही बड़ा विवाद सामने आ गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि पाकिस्तान की क्रिकेट टीम इस टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी। यह बयान उन्होंने पाकिस्तानी कैबिनेट को संबोधित करते हुए दिया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान ने स्पष्ट रुख अपनाया है कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा, क्योंकि खेल के मैदान में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इस फैसले के पीछे बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने का हवाला भी दिया।
PCB की चुप्पी, ICC को आधिकारिक सूचना का इंतजार
हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को इस संभावित बहिष्कार को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान इस संबंध में कोई औपचारिक ई-मेल भी नहीं भेजेगा, जिससे स्थिति और उलझ सकती है। फिलहाल ICC, PCB की ओर से आधिकारिक संचार का इंतजार कर रहा है ताकि आगे की कार्रवाई तय की जा सके।
भारत पूरी तरह तैयार, वॉकओवर मिलने की संभावना
दूसरी ओर, भारतीय टीम 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। तय कार्यक्रम के अनुसार भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान में पहुंचेंगे। यदि पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए नहीं आते हैं, तो मैच रेफरी भारत को वॉकओवर देकर दो अंक प्रदान कर सकता है।
भारत-पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहद शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 8 मुकाबलों में से भारत ने 7 में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार सफलता मिली है। पिछले साल एशिया कप में भी अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे युवा भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी गेंदबाजी पर दबदबा बनाया था।
यह फैसला अगर आधिकारिक रूप से लागू होता है, तो T20 वर्ल्ड कप 2026 की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित भिड़ंत बिना खेले ही इतिहास बन सकती है।
यह भी देखें : भारत ने रचा इतिहास, लगातार छठी बार U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा

More Stories
भारत ने रचा इतिहास, लगातार छठी बार U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा
टी-20 विश्व कप में भारत को हराना होगा मुश्किल: माइकल क्लिंगर
वर्ल्ड कप की इस प्लेइंग-11 ने छेड़ी नई बहस—चहल के फैसले पर सवाल