वाशिंगटन, 5 फरवरी : ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी कूटनीतिक पहल सामने आई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने ऐलान किया है कि अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता शुक्रवार सुबह ओमान की राजधानी मस्कट में शुरू होगी। अरागची के अनुसार, यह बातचीत सुबह करीब 10 बजे आरंभ होगी। यह वार्ता प्रत्यक्ष नहीं बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से होगी, जिसमें ओमान मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा। ईरान के अनुरोध पर बातचीत का स्थान इस्तांबुल से बदलकर मस्कट किया गया है।
दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडल तय
ईरान की ओर से वार्ता की अगुवाई विदेश मंत्री अब्बास अरागची करेंगे। उनके साथ वरिष्ठ राजनयिक मजीद तख्त-रवांची और काजिम गरीबाबादी शामिल होंगे। वहीं अमेरिका की तरफ से व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। ईरानी मीडिया के मुताबिक, यह बातचीत सिर्फ ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम और उस पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने तक सीमित रहेगी। ईरान ने साफ कर दिया है कि उसके मिसाइल कार्यक्रम या क्षेत्रीय भूमिका पर किसी भी तरह की चर्चा नहीं होगी।
पिछले साल युद्ध के बाद रुकी थी वार्ता
गौरतलब है कि यह बातचीत पिछले साल जून में हुई जंग के बाद रुक गई थी। उससे पहले दोनों पक्षों के बीच वार्ता के पांच दौर हो चुके थे। हाल के दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनियों और पश्चिम एशिया में बढ़ती अमेरिकी सैन्य मौजूदगी के कारण हालात काफी नाजुक बने हुए हैं। ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि बातचीत की सफलता के लिए धमकियों से मुक्त माहौल और अमेरिका की ओर से ईमानदार रवैया जरूरी है।
अगर यह वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती है, तो न केवल ईरान-अमेरिका संबंधों में सुधार हो सकता है, बल्कि पश्चिम एशिया में एक बड़े सैन्य टकराव को टालने की उम्मीद भी मजबूत होगी।
यह भी देखें : अमेरिका ने भारत को किया अलर्ट, चीन कभी भी कर सकता है हमला

More Stories
रियाद बिजनेस एग्जिबिशन में भारतीय पर धार्मिक टिप्पणी, वीडियो वायरल
अमेरिका ने भारत को किया अलर्ट, चीन कभी भी कर सकता है हमला
ग्रीस के एजीयन सागर में नाव हादसा, 14 की मौत